रायपुर
10 दिनों बाद मौसम विभाग का अल्र्ट जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। करीब दस दिनों के अंतराल बाद छत्तीसगढ़ में फिर से बारिश सक्रिय होने के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने अब से कुछ देर पहले शनिवार सुबह तक के लिए 15 जिलो में भारी से भयंकर बारिश के पूर्वानुमान के साथ यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वेदर बुलेटिन के अनुसार धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव ,कांकेर और बस्तर जिले के एक दो स्थानों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसी तरह से कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर में अति भारी बारिश हो सकती है । वहीं शनिवार सुबह तक रायपुर, दुर्ग धमतरी, बालोद,राजनांदगांव बस्तर और दंतेवाड़ा में अति भारी बारिश होने के आसार हैं।
हालांकि प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम सामन्य रहने की उम्मीद है। राजधानी में आज सुबह से तेज धूप पड़ रही है। इधर दुर्ग, बिलासपुर में भी मौसम के तीखे तेवर से लोग परेशान नजर आए। आज सुबह से बादल साफ है, जिसकी वजह से तीखी धूप पड़ रही है। देर शाम तक मौसम में बदलाव के आसार जताए हैं।
ये जिले रहेंगे सबसे ज्यादा प्रभावित
नया सिस्टम एक्टिव होने से जशपुर, बलरामपुर, सरगुजा, कोरिया, सुरजपुर, पेण्ड्रा, कोरबा और रायगढ़ जिले में भी बारिश के आसार हैं। इधर दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मंगलवार को रामानुजगंज - 7 सेंटीमीटर, कुसमी -6 सेंटीमीटर, ओडगी, महासमुंद -3 सेंटीमीटर, अंबिकापुर, राजपुर, दरभा प्रतापपुर -2 सेंटीमीटर, तिल्दा, जगदलपुर, लाभांडी, बलौदा बाजार, लोरमी, कुआर्कोडा -1 सेंटीमीटर और कुछ जगहों पर इससे कम बारिश दर्ज
की गई है।


