रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अगस्त। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की वेतन विसंगति समेत 14 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक कमेटी बनायी गयी थी। प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ की अगुवाई में बनायी कमेटी के साथ कर्मचारी संगठनों की अलग-अलग बैठक भी हुई थी, लेकिन बैठक के बाद भी अभी तक पिंगुआ कमेटी ने अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को नहीं सौंपी है।
गुरूवार को फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख सचिव व कर्मचारियों की मांगों को लेकर बनी कमेटी के चेयरमैन मनोज पिंगुआ से मुलाकात की। और रिपोर्ट को जल्द से जल्द सौंपने की मांगें रखी। अपने मांग पत्र में फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों व अधिकारियों की मांगों के निराकरण के लिए 17 सितंबर 2021 को कमेटी बनायी गयी थी। कमेटी को तीन माह में रिपोर्ट सौंपना था, लेकिन इस कमेटी ने दो साल में भी अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है। रिपोर्ट नहीं सौंपने पर कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कमल वर्मा ने मांग की है कि मांगों को लेकर हुई कमेटी के साथ बैठक के आधार पर रिपोर्ट सरकार को सौंपे और कार्रवाई करें।


