रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अगस्त। राजधानी से लगे कुम्हारी मेें पुरानी रंजिश को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। उनके बीच हुआ झगड़ा मर्डर तक जा पहुंचा। इसमें कबाड़ का काम करने वाले 27 वर्षीय कमल खूंटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस जांच में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक सतनामी समाज के दो गुटों में सर्वोदय ग्रीन सिटी कुम्हारी के पास पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि वो लोग लाठी, डंडा, हथियार लेकर एक दूसरे को मारने आ गए। दो गुटों में हुए इस खूनी संघर्ष में आरोपी पक्ष ने रायपुर उरला निवासी कमल खूंटे के ऊपर धारदार हथियार से पेट, सिर, पीठ और हाथ पैर में इतने वार किए कि वो वहीं पर ढेर हो गया। शुक्रवार तडक़े से कुम्हारी सहित भिलाई तीन थाने के टीआई और सीएसपी छावनी, एएसपी संजय ध्रुव, सीएसपी क्राइम राजीव तिवारी सहित अन्य अधिकारी पहुंचे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पीएम के लिए भेज दिया है।