रायपुर

साध्वी शुभंकरा का कहना-शादी पार्टी, भंडारे में खाली टिफिन लेकर न जाएं
11-Aug-2023 7:49 PM
साध्वी शुभंकरा का कहना-शादी पार्टी, भंडारे में खाली टिफिन लेकर न जाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 अगस्त। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में चल रहे मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में शुक्रवार को नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने कहा कि आजकल तो लोग शादी-पार्टी और भंडारे में भी टिफिन का डिब्बा लेकर पहुंचते हैं। सुख हो या दुख हो, वह यह नहीं देखते और एक डिब्बा लेकर बस पहुंच जाते हैं। क्या कभी आप किसी के घर डिब्बे में भरकर अपने घर में बने व्यंजन लेकर गए हैं, कभी नहीं। ऐसा सिर्फ त्योहारों में देखने को मिलता है और वह भी इसीलिए क्योंकि आप अपने हाथ का स्वाद दूसरों को चखाना चाहते हैं और अपनी तारीफ सुनना चाहते हैं। आप शादी पार्टी और भंडारे में डिब्बा लेकर जा भी रहे हैं तो इतना बड़ा लेकर जाइए कि आप वहां से भोजन लाकर सबको खिला सकें। हो सके तो ऐसे मौकों पर आप अपने घर से कुछ व्यंजन बनाकर, डिब्बे में भरकर उसे ले जाएं और सबको खिलाए, फिर देखना आपको कैसी अनुभूति होती है। आपने केवल लेना सीखा है, देना नहीं। देने का सुख अलग ही है, कभी किसी को कुछ देकर देखिए।

आज हम सब अत्याधुनिक दौर में है। हमारे पास जीवन में सभी काम के लिए कोई ना कोई मशीन या सामान है, जो हमारे सभी कामों को बहुत ही आसान बना देता है। आप एक बटन दबाते हो और टीवी चालू हो जाता है आप एक बटन दबाते हो ऐसी चालू हो जाता है आप एक बटन को जरा सा घुमाते हो आपका वाशिंग मशीन चालू हो जाता है घर में बर्तन मांजने के लिए भी आजकल लोग मशीन लगाने लगे हैं। आपके पास आज इतनी सारी सुख सुविधाएं हैं जितनी कि आज से 400 साल पहले तक किसी राजा के पास भी नहीं थी। इतिहास उठाकर देख लीजिए भारत में जितने भी राजाओं ने अपना शासन चलाया है उनके पास अपार धन-संपत्ति थी लेकिन उन्हें एक राज्य से दूसरे राज्य जाने में कई दिन लग जाते थे। आज आप अपने देश में कहीं पर भी केवल कुछ मिनटों में ही पहुंच सकते हैं और कुछ घंटों के अंदर तो आप दुनिया के किसी भी कोने में पहुंच सकते हैं। राजा महाराजा भी बहुत दूर की बात हो चुके हैं आप अपने पूर्वजों को ही देख लीजिए।


अन्य पोस्ट