रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अगस्त। नगर निगम की सामान्य सभा आज एक घंटे भी नहीं चल सकी और स्थगित कर दी गई। यह बैठक 4 माह बाद बुलाई गई थी। आज की स्थगित बैठक 17 अगस्त को होगी।आज बैठक मे इसमें 200 करोड़ के म्युनिसिपल बांड जारी करने समेत 27 प्रस्ताव पर चर्चा और मंजूर किए जाने थे। सभा शुरू होते ही भाजपा के पार्षद हाथों में मटके लेकर जल संकट पर प्रदर्शन करने लगे। शुरूआत में प्रश्न काल होना था।
एक बारगी वे सभी सभापति प्रमोद दुबे के डायस पर मटके लेकर जा चढ़े और महापौर विरोधी नारेबाजी करने लगे। इस हंगामे के बीच कांग्रेस पार्षद दल के आवेदन पर वोटिंग के बाद 17 अगस्त तक के लिए सामान्य सभा स्थगित कर दी गई। इसके बाद भी भाजपा के पार्षद सभागार में गांधी प्रतिमा के नीचे बैठ कर प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।
भाजपा पार्षदों का कहना है कि आज शहर में कांग्रेस संगठन की दो संकल्प शिविर आयोजित किए गए हैं इस वजह से सभापति प्रमोद दुबे ने बैठक स्थगित कर दी । वैसे बैठक की तिथि निर्धारित होने के बाद से ही उसके होने को लेकर दोनों पक्षों के पार्षदों में न होने की चर्चाएं चल रहीं थीं।