रायपुर

दो विषयों में पूरक का प्रस्ताव, भाजयुमो-चुनावी स्टंट
10-Aug-2023 6:16 PM
दो विषयों में पूरक का प्रस्ताव, भाजयुमो-चुनावी स्टंट

मंत्रालय में कुलसचिवों की बैठक जारी


युकां-राजनीति से लेना-देना नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 अगस्त। महाविद्यालयीन परीक्षाओं में दो विषयों यानी 4 पर्चे में पूरक की व्यवस्था लागू करने की कवायद आज एक कदम आगे बढ़ेगी। इस सिलसिले में आज सभी 10 राजकीय विश्वविद्यालयों के कुलपति-कुलसचिवों की बैठक होने जा रही है। इस पर सीएम सीएम भूपेश बघेल की मंशा को देखते हुए बैठक में प्रस्ताव मंजूर होने की प्रबल संभावना है।

इस फैसले से प्रदेश में पचास हजार से अधिक परीक्षार्थियों के परिणाम बदल सकते हैं। इसके लिए परीक्षा परिणाम फिर से घोषित करना होगा। जिसे संशोधित परिणाम कह सकते हैं।

अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण से पूरक हो जाएंगे। ऐसे परीक्षार्थियों को नयी अंकसूची देनी होगी। ऐसे में पूरक परीक्षा में परीक्षार्थियों की संख्या दुगुनी से ज्यादा होगी। सबसे ज़्यादा विज्ञान विशेषकर बीएससी प्रथम, फिर बी काम प्रथम और बी ए प्रथम के परीक्षार्थी लाभान्वित होंगे।

इसे राजनीति नजरिए से भी देखा जा रहा है। जानकारों का कहना है कि इनमें से अधिकतर 18 वर्ष के आसपास के होंगे। जो पहली बार मतदान का प्रयोग करेंगे। कांग्रेस को लाभ और भाजपा को नुकसान होगा । युवा मतदाता के अलावा पालक भी आकर्षित होंगे।पूरक में अधिकतर गणित, भौतिकी, अंग्रेजी, एकाउंटेंसी, कला संकाय में अर्थशास्त्र और अंग्रेजी विषयों में होते हैं।

यह चुनावी वर्ष का निर्णय है

भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने सरकार के इस कदम को चुनावी स्टंट कहा है। उनका कहना है कि जो सिस्टम चल रहा है उसे बदला जाए, तो विद्यार्थियों में मुख्य परीक्षा के प्रति रूचि नहीं रह जाती, और वे पढ़ाई को गंभीरता से नहीं लेते। ऐसा लगता है कि पहली बार के मतदाताओं को आकर्षित करने चुनावी वर्ष में यह निर्णय लिया जा रहा है।

राजनीति से लेना देना नहीं

युकां के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि इसका चुनावी राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। सरकार ने हमेशा छात्रों की चिंता की है। पूववर्ती सरकारों ने छात्रों की ओर ध्यान नहीं दिया। कोरोनाकाल में डिप्रेशन से बिगड़ रहे छात्रों को ऑनलाइन परीक्षा की व्यवस्था सीएम बघेल ने की थी। यह फैसला स्वागतेय है। जो छात्रहित में है।


अन्य पोस्ट