रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अगस्त। खेल विभाग बीते पांच वर्ष में एक भी उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार नहीं कर पाया है। विभाग के पास एक भी खिलाड़ी का नाम नहीं है।
बीते पांच वर्ष यानी कांग्रेस शासन काल में खेल विभाग ने उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की घोषणा न किए जाने से खिलाडिय़ों ने नाराजगी जताई है। वहीं विभाग इन पांच वर्षों में घोषणा प्रक्रियाधीन होने की जानकारी देकर इतिश्री कर रहा है ।
बुधवार को आधा दर्जन राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय खिलाडिय़ों ने पत्रकार वार्ता में इस पर नाराजगी जताई और मीडिया से सरकार पर घोषणा के लिए दबाव बनाने का आग्रह किया । इनका कहना है कि प्रदेश के खिलाडिय़ों ने अपने खेल में 8-15-20वर्ष दिया है ।छतीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक ले गए। और पांच वर्ष बाद भी उत्कृष्ठ खिलाडिय़ों की घोषणा न होने से उन्हें स्पोर्ट्स कोटे से नौकरी नहीं मिल पा रही है। और साल दर साल खिलाडिय़ों की संख्या बढ़ती जा रही है। इन खिलाडिय़ों में अनूप यदु, प्रशांत जेकब, अमन यादव, चंद्रशेखर गोस्वामी, राजेश कुमार, कल्पना साहू ने कहा कि 2007 की नीति के तहत 2019 से 2023 तक राष्ट्रीय/अन्तर्राष्ट्रीय पदक विजेताओं को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया जाय। अब तक घोषणा न होने से खिलाड़ी शासकीय नौकरी के लिए पात्रता उम्र अधिक होने से इसका लाभ नहीं मिल पाएगा । और 5 वर्षों की विशेष छूट भी दी जाए।


