रायपुर
माथुर, और रमन सिंह भी आमंत्रित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधायकों से तो अब तक नहीं मिले लेकिन आज सांसदों से मिलने जा रहे हैं। 17 अगस्त को रायगढ़ दौरे से पहले मोदी छत्तीसगढ़ के 10 और मध्यप्रदेश के सांसदों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में दोनों राज्यों के राष्ट्रीय प्रभारी भी शामिल होंगे। पीएम मोदी दोनों राज्यों में होने वाले विधानसभा और लोकसभा की रणनीति पर बीजेपी नेताओं के साथ रायशुमारी करेंगे।
बता दें कि पीएम मोदी 31 जुलाई से भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के सांसदों से मिल रहे हैं। ऐसी बैठक 10 अगस्त तक चलेगी। पीएम मोदी आज शाम 7 बजे छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीजेपी सांसदों के साथ बैठक करेंगे।इस बैठक में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया जाएगा। दोनों प्रदेश के राष्ट्रीय प्रभारी भी बैठक में शामिल होंगे। जिसमें विधानसभा और लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। इस दौरान पूर्व सीएम , और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह भी रहेंगे। डॉ. सिंह अपने इलाज के लिए इन दिनों दिल्ली में हैं। इस बैठक में मोदी टारगेट 55 पर सांसदों से चर्चा करेंगे।
यहां बता दें कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ में कम से कम 55 सीटों पर कब्जे की योजना बनाई है। इसके लिए बूथ स्तर की कमेटियां गठित की जा चुकी हैं। साथ ही संगठन के तमाम बड़े नेताओं को एक-एक संभाग के जिम्मेदारी दी गई है। आने वाले दिनों में पार्टी विधानसभा स्तरीय सम्मेलन, और परिवर्तन यात्रा निकालने जा रही है। इस बैठक में आमंत्रित प्रदेश प्रभारी ओम माथूर इसकी जानकारी पीएम मोदी को देंगे।