रायपुर

अशोक चतुर्वेदी की रिमांड 21 तक और बढ़ी
08-Aug-2023 8:29 PM
अशोक चतुर्वेदी की रिमांड 21 तक और बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 अगस्त। पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व जीएम अशोक चतुर्वेदी की न्यायिक रिमांड 21 अगस्त तक बढ़ गई है ।आज तक की अवधि पूरा होने पर सोमवार को विशेष न्यायाधीश संतोष कुमार तिवारी की कोर्ट में पेश किया गया था। इस दौरान ईओडब्ल्यू और बचाव पक्ष के अधिवक्ता अपना तर्क प्रस्तुत किया। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश ने 14 दिन की न्यायिक रिमांड बढ़ाने का आदेश दिया।  वह इस समय जेल में ही है।

 गौरतलब है कि ईओडब्ल्यू की टीम ने बीती 30 जून  को आंध्रप्रदेश के गुंटुर से अशोक चतुर्वेदी को गिरफ्तार करने के साथ ही आय से अधिक संपत्ति, पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का जुर्म दर्ज कर एक जुलाई को विशेष न्यायाधीश संतोष कुमार तिवारी की अदालत में पेश किया था। इस दौरान पूछताछ के लिए सात दिन की रिमांड पर लिया था। इस बीच छह जुलाई को ईओडब्ल्यू ने रायपुर स्थित दफ्तर, अग्रोहा कालोनी और दुर्गकोंदल में पुश्तैनी घर, उनके रिश्तेदारों के यहां दरभा (जगदलपुर) में दबिश दी गई थी। रिमांड समाप्त होने पर सात जुलाई को कोर्ट में पेश करने के बाद पूछताछ करने तीन दिन की रिमांड पर लिया। इसके बाद 10 जुलाई को फिर से जेल भेज दिया। बता दें कि पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व जीएम अशोक चतुर्वेदी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के कई मामले दर्ज हैं। कोर्ट में जमानत खारिज होने के बाद से फरार चल रहे थे।

अशोक चतुर्वेदी  टेंडर प्रक्रियाओं में जालसाजी कर करोड़ों रुपये की अनियमितता के मामले में एफआईआर कराई गई। होप इंटरप्राइजेज को अकेले को काम देने के लिए और लाभ पहुंचाने के लिए अशोक चतुर्वेदी और कमेटी के सभी सदस्यों ने कपटपूर्वक, जालसाजी से तैयार और झूठी निविदाओं पर फैसला लिया और होप इंटरप्राइजेज को करोड़ों रुपये का ठेका दिया गया।


अन्य पोस्ट