रायपुर

कलेक्टर दर पर मिलेगी नियुक्ति, सीएम की घोषणा
08-Aug-2023 8:28 PM
कलेक्टर दर पर मिलेगी नियुक्ति, सीएम की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आज यहाँ उनके निवास कार्यालय में अनुकम्पा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की । उन्होंने मुख्यमंत्री को संघ की विभिन्न मांगों से अवगत कराया । मुख्यमंत्री श्री बघेल ने उन्हें उचित कार्यवाही के लिए आश्वस्त किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन, संघ की प्रांताध्यक्ष श्रीमती माधुरी मृगे, प्रवक्ता श्री प्रमोद चौबे, सचिव श्रीमती गीता साहू एवँ अन्य सदस्य उपस्थित थे । इस मुलाकात के दौरान महिलाओं ने अनुकंपा नियुक्ति की मांग रखी। इस पर सीएम ने कहा कि नियमों में इसका प्रावधान नहीं है, क्योंकि आप सबके पति संविदा नियुक्ति पर थे। हम केवल आपकी योग्यता अनुसार आपके अपने जिलों में कलेक्टर दर पर नियुक्ति दे सकते हैं। इस पर इन महिलाओं ने स हमति जताई। सीएम तत्काल जीएडी सचिव से कहा कि कलेक्टरों के नाम जल्द आदेश जारी करें। इस हड़ताल को खत्म करने में कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला की अहम भूमिका रही। सुशील ने इससे सर्व विभागीय संविदा कर्मियों की हड़ताल स्थगित कराने में भी भूमिका निभाई थी।

प्रदेशभर की 1 हजार से अधिक विधवा महिलाएं बीते 10 महीने से आंदोलन कर रही थीं। अपने गृह जिलों के अलावा रायपुर में भी धरना दे रही थीं। इन्होंने सरकार को जगाने कभी नाश्ते का ठेला, सब्जी की दुकान, मुंडन के साथ शव यात्रा भी निकाली थी।


अन्य पोस्ट