रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अगस्त। शिक्षकों के प्रमोशन उपरांत किए गए सभी पोस्टिंग को रद्द करने की तैयारी है। नये शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे ने साफ तौर पर कहा है कि अब तक मिले तथ्यों में बड़े पैमाने पर आर्थिक लेनदेन की पुष्टि हुई है। जो शिक्षा जैसे पवित्र प्रोफेशन के लिए अच्छा नहीं है। गुरूवार को मीडिया से चर्चा मेंं चौबे ने कहा कि अभी और कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ी तो एफ आई आर भी कराई जाएगी।पता चला है नियमों को धता बताते हुए चार हजार से अधिक पोस्टिंग को निरस्त करने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों का कहना है, कभी भी इसका आदेश आ सकता है। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला ने एक न्यूज चेनल को बताया कि पांचों कमिश्नरों की जांच रिपोर्ट मिल गई। आगे की कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट स्कूल शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे को भेज दी गई है।
सीएम बघेल जिम्मेदारी अपने ऊपर लें-भाजपा
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल और प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने शिक्षकों की पदस्थापनाओं में हुई गंभीर अनियमितता के मामले में प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। और यह मांग की है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस भ्रष्टाचार की जिम्मेदारी अपने ऊपर लें, क्योंकि इतना बड़ा भ्रष्टाचार बिना उच्चस्तरीय राजनीतिक संक्षण के मुमकिन नहीं है।


