रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अगस्त। संचालनालय आयुष छत्तीसगढ़ द्वारा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय रायपुर एवं बिलासपुर से संबद्ध अस्पतालों को एनएबीएच प्रमाणीकरण के लिए वहां के शिक्षकों, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित करने के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक अकादमी निमोरा में आयोजित किया गया है। संचालक नम्रता गांधी ने बताया कि आयुर्वेद कॉलेजों के अस्पतालों को एनएबीएच सर्टिफाइड होना आवश्यक है ताकि जनसामान्य को गुणवत्तापूर्ण सुगम चिकित्सा सेवा प्राप्त हो सके इसके अलावा महाविद्यालय के छात्रों को भी उच्चस्तरीय चिकित्सकीय शिक्षण और प्रशिक्षण मिल सके। यह प्रशिक्षण नईदिल्ली से आमंत्रित डॉ. अनूप निगवेकर एवं डॉ. किरण पंडित दे रहे हैं। इस कार्यक्रम मेंप्राचार्य डॉ. जीआर चतुर्वेदी एवं प्राचार्य डॉ.आरपी गुप्ता, संयुक्त संचालक डॉ.सुनील दास, राष्ट्रीय आयुष मिशन के डॉ. मुकुंद अग्रवाल सहित 54 विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक व चिकित्सक भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षार्थियों को अस्पताल प्रबंधन में शामिल विभिन्न विषय जैसे ओपीडी व आईपीडी में मरीजों के देखभाल, परामर्श, इमरजेंसी सर्विसेज, नर्सिंग केयर, औषधि वितरण, नैदानिक व्यवस्था, दस्तावेजीकरण, स्वच्छता, सूचना, अग्निशमन, बायोमेडिकल वेस्ट निष्पादन इत्यादि के बारे में जानकारी दी जाएगी जो जनसामान्य और छात्रों के लिए उपयोगी होगा।


