रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 अगस्त। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में चल रहे मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में बुधवार को नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने घर को स्वर्ग कैसे बनाएं विषय पर कहा कि हमें जीवन में कहीं भी रुकना नहीं है, कहीं झुकना नहीं है, बस आगे चलते जाना है, बढ़ते जाना है। जीवन जीने के लिए आपको बहुत सी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है लेकिन यह आप पर निर्भर करता है कि आप उन कठिनाइयों को पार करते हो कि उनसे बचकर अपना जीवन और उलझा लेते हो। आपको समस्याओं से डरना नहीं है, परेशानियों से मुंह नहीं मोडऩा है। जो व्यक्ति अपनी परिस्थितियों से निराश हुआ, वह जीवन की परीक्षा में कभी पास नहीं हो सकता है। हमें अपनी समस्याओं से प्रैक्टिकल होकर जूझना है। आज हम जरूर अपनी परिस्थितियों का सामना करने में फेल हो सकते हैं लेकिन अगर आप उसका सामना करते जाओ, प्रैक्टिकल करते जाओ तो आप पासिंग मार्क्स तक तो पहुंच ही जाएंगे। इसमें और मेहनत करेंगे तो आप फर्स्ट डिवीजन तक पहुंच जाएंगे और फिर जीवन की परीक्षा में आप टॉप कर सकते हैं। आप अपनी परेशानियों पर पूरा नियंत्रण पा सकते हैं। हमें परमात्मा पद को प्राप्त करना है और हम भी परमात्ममय हो जाएंगे ऐसा हमें विचार करना है और उसी दिशा में हमें कर्म करते जाना है।
साध्वीजी ने कहा कि हम कर्मचक्र के बारे में बात कर रहे थे। इस सर्कल के अंदर हर समय हम अपना कर्म बांध रहे हैं, उसे भोग रहे हैं और उसका फल भी पा रहे हैं। अनंत भव से दुखी एक आत्मा ने किसी संत से पूछा कि मैं अनंत जन्मों से दुखी हूं, मुझे खुशी कहां मिलेगी। संत ने जवाब देते हुए कहा कि जहां-जहां कोने है वहां आपको सुख मिलेगा जैसे कि अष्टकोण, षठकोण आदि।