रायपुर

एक्सप्रेस वे पर मोबाइल पर्स लूटने वाले को पुलिस ने 2 घंटे के भीतर धर दबोचा
01-Aug-2023 6:25 PM
 एक्सप्रेस वे पर मोबाइल पर्स लूटने वाले को पुलिस ने 2 घंटे के भीतर धर दबोचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 अगस्त। राजधानी में लूट और चोरी के मामले बढ़े  हैं। बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे है। यहां बदमाश बेखौफ घूम रहे हैं। ताजा मामला राजधानी के एक्सप्रेस-वे का है, जहां बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार की आधी रात कार सवार तीन लोगों से लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान बदमाशों ने फरसा से हमलाकर कार सवार लोगों को घायल भी कर दिया। हथियारबंद लुटेरे मोबाइल और नगदी से भरा पर्स लेकर फरार हो गए थे जिन्हें पुलिस ने 24 घण्टे के अदर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने एक्सप्रेस-वे पर की लूट की वारदात। जानकारी के अनुसार कार से एयरटेल के कर्मचारी प्रांशु गुप्ता, गौरव शर्मा और शुभम शर्मा सोमवार की रात रायपुर आते समय पुरैना एक्सप्रेस-वे के पास शौच के लिए रुके, तभी वहां बाइक सवार बदमाश पहुंच गए और पैसों की मांग करने लगे।

कार सवार लोगों ने जब पैसे देने से मना किया तो बदमाशों ने प्रांशु गुप्ता के हाथ, गौरव शर्मा के सिर पर फरसानुमा हथियार से वारकर उन्हें घायल कर दिया। ऐसे में तीनों कर्मचारी कार छोडक़र वहां से भागे और अपनी जान बचाई। इसके बाद बदमाशों ने कार की तलाशी ली तो उसमें रखे नगदी से भरा पर्स और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

जिसकी रिपोर्ट तेलीबांधा थाना में दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ धारा 394, 397 अपराध दर्ज किया है।

एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए हुलिए को चिंहांकित कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर 2 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी दिनेश दीप  बी.एस.यू.पी. कालोनी अमलीडीह को गिरफ्तार किया। वहीं न्यू राजेन्द्र पुलिस ने अर्जुन तांडी निवासी  बी.एस.यू.पी. कालोनी अमलीडीह को गिरफ्तार किया गया है। वहीं तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट