रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ कुष्ठ सेवाएं कर्मचारी संघ का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके विधानसभा क्षेत्र पाटन जिला दुर्ग में रविवार 30 जुलाई को प्रत्यक्ष भेट कर 22 वर्षो से स्वास्थ्य विभाग में सेवारत कुष्ठ सेवाएं केडर के कर्मचारियों के वेतनमान में सुधार को लेकर ज्ञापन सौप कर शीघ्र कार्यवाही की मांग की है। ज्ञापन में वेतनमान सुधार हेतु अनेक मंत्री, सांसद, संसदीय सचिव एवम विधायकों के द्वारा वेतन विसंगति के निराकरण हेतु उनके द्वारा मुख्यमन्त्री के नाम पत्र को भी संलग्न किया गया है।प्रतिनिधि मंडल में प्रांताध्यक्ष चितरंजन साहा, जिला रायपुर के अध्यक्ष फागुराम साहू, सी एल मैत्री, सुनील गुप्ता, साक्या आदि के साथ दुर्ग के जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ अनिल शुक्ला व अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ कुष्ठ सेवाएँ कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने अवगत कराया कि स्वास्थ्य विभाग में कुष्ठ रोगियों सेवा करने वाले शासकीय कर्मचारी 22 वर्षो से वेतनमान में सुधार की मांग को लेकर लगातार पत्राचार और विभागीय मंत्री तथा जिम्मेदार अधिकारियों से भेंट मुलाकात कर आग्रह करते आ रहे हैं। शासन के ध्यान आकृष्ट करने समय समय पर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर मुख्यमन्त्री के नाम कलेक्टर को मांग पत्र सौपें। मगर चर्चा -पर्चा और आंदोलन के बाद भी आज तक शासन ने कोई सकरात्मक कार्य नहीं किया गया है।


