रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जुलाई। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में चल रहे मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में शनिवार को नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने च्घर की वास्तविक स्थितिज् विषय पर कहा कि जब दो पक्षों में शादी की बात चलती है तब सास को बहू और बहू को सास बहुत अच्छी लगती है। सगाई के समय बहू चंद्रमुखी लगती है, शादी के समय सूर्यमुखी और शादी के बाद वही बहू ज्वालामुखी लगने लगती है। शादी के बाद सास, बहू को खटकने लगती है। आज सास पुराने जमाने की होती और बहू मॉडर्न समय की। बहू यह नहीं समझती कि सास ने कितनी मेहनत से महल बनाया है। आज महल में रहकर पानी की तरह पैसे खर्च करने वालों को यह पता नहीं होता कि कितनी मेहनत से यह पैसे कमाएं जाते है।
साध्वीजी कहती है कि शादी के बाद बहू सोचती है कि अब सास से तो जम नहीं रही है, अलग रहना ही उचित है। और वह मन ही मन प्लानिंग बनाने लगती है। वह कहते हैं ना कि बाल हट, राज हट और स्त्री हट के सामने किसी की भी नहीं चलती है। अब वह अपने पति को मोहरा बनाती है, पति के घर आने पर वह चुप्पी साध लेती है। पति कहता रहता है कि क्या हुआ पर वह कुछ नहीं कहती है। जोर लगाकर पूछने पर वह समझ जाती है कि अब तवा गरम हो गया है और रोटी सेंक लेनी चाहिए। वह कहती है कि या तो इस घर में आपकी मां रहेगी या तो मैं, यह फैसला आप कर लीजिए। पति कहते हैं कि मैं आज जो भी हूं वह अपनी मां के पालन पोषण की वजह से हूं । अब इस उम्र में मां का स्वभाव तो नहीं बदल सकता पर तुम अपना स्वभाव बदल सकती हो और यदि वह तुम नहीं करना चाहती तो दरवाजे खुले हैं तुम पीहर की ओर जा सकती हो। पत्नी इस मौके पर चुप हो जाती है और फिर से आगे की प्लानिंग करने लगती है। आज यह कहानी घर-घर की है, आप लोग के साथ भी यह गुजरा होगा या गुजर रहा होगा।
जीवन को जीवन कैसे बनाएं विषय पर साध्वी जी कहती हैं कि कुछ बीज जमीन पर पड़े हैं और कुछ बीज जमीन के अंदर है, महत्व उसका है जो जमीन के अंदर क्योंकि वहां मिट्टी और जमीन के रस के साथ घुलमिल कर अंकुरित होने वाला है। जबकि बाहर पढ़ा बीज निष्क्रिय होकर सूख जाएगा। इन दोनों बीजों के आधार पर हमें विचार करना होगा कि हम कैसा जीवन जी रहे हैं।
जीवन के तीन निशान, रोटी, कपड़ा और मकान मूल्य के साथ अगर आप जी रहे हैं तो फिर आप जमीन के ऊपर पड़े बीज के समान रहने वाले हो। आज हमारा जीवन कुछ ऐसा ही हो गया है खाओ पियो ऐश करो। कुछ लोग मेहनती होते हैं और भरपूर मेहनत करके मैं जीवन में बहुत आगे बढ़ जाते हैं। इनमें कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जिन्हें रुपयों पैसे की कमी नहीं होती और कुछ ऐसे होते हैं जो अभाव में बढ़ते हैं। जीवन में कुछ कर गुजरने की चाह हो तो व्यक्ति क्या नहीं कर सकता है।
मनोहरमय चातुर्मास समिति के अध्यक्ष सुशील कोचर और महासचिव नवीन भंसाली ने बताया कि मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन 2023 ललित विस्त्रा ग्रंथ पर आधारित है। उन्होंने नगरवासियों से साध्वीजी के मुखारविंद से जिनवाणी का श्रवण करने का आग्रह किया है।