रायपुर
एमआईसी से सैद्धांतिक सहमति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जुलाई। निगम मुख्यालय में मेयर इन काउसिंल की बैठक महापौर एजाज ढेबर की अध्यक्षता में हुई। इसमें आयुक्त मयंक चतुर्वेदी सभी एमआईसी सदस्य, ,अपर, उपायुक्त, एसई, जोन कमिश्नर , ईई , विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। एमआईसी ने 27 प्रस्ताव पर चर्चा की ।
निगम वित्त विभाग के विभागीय प्रस्ताव के अनुसार आगामी वित्तीय वर्ष 2023-24 में निगम की परियोजनाओं के वित्तीय प्रबंधन एवं संसाधन पूर्ति के लिए 200 करोड़ रू. के नॉन कंवर्टिएबल डिबेंचर्स के रूप में म्युनिसिपल बांड जारी करने सैद्धांतिक सहमति दी है। एमआईसी ने इसके लिए बांड निर्गमन समिति की गठन किया। इसमें आयुक्त नगर निगम रायपुर को अध्यक्ष, अपर आयुक्त वित्त, अपर आयुक्त, उपायुक्त वित्त, कार्यपालन अभियंता योजना नगर निगम रायपुर को नामांकित करते हुए बांड से संबंधित समस्त कार्यवाही, स्वीकृति एवं बांड जारी किये जाने के लिए संबंधित आनुसांगिक समस्त कार्य हेतु समिति को अधिकृत किया गया। म्युनिसिपल बांड से ईदगाह भाठा / हिन्द स्पोर्टिंग ग्राउंड में स्पोर्टस काम्पलेक्स का निर्माण योजना लागत 25 करोड़ , पुराना नगर निगम कार्यालय जयस्तंभ चौक में व्यवसायिक परिसर निर्माण लागत 60 करोड़ , निमोरा एवं कारा एसटीपी में टीटीपी निर्माण लागत 40 करोड़, रायपुर शहर में ई-बस का कार्य लागत 80 करोड़।
भैसथान में कमर्शियल काम्पलेक्स निर्माण लागत 55 करोड़ विभागीय प्रस्ताव के अनुसार बांड से प्राप्त राशि का उपयोग विभिन्न आय सृजित करने वाली योजनाओं में किया जायेगा एवं उक्त परियोजनाओं से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग बांड के पुनर्भुगतान व अन्य आवश्यक कार्यो के लिये किया जायेगा।