रायपुर

हादसे के बाद कार में लगी आग, मौत
29-Jul-2023 3:26 PM
हादसे के बाद कार में लगी आग, मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 29 जुलाई।
माना इलाके में सडक़ हादसे के बाद कार में आग लग गई। रायपुर के माना धनेली के पास संदिग्ध हालत में  कार में युवक की जली हुई लाश मिली है। मौके पद पहुंची पुलिस को अधजली कार की नंबर प्लेट से गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर मिला है। पहचान चंद्रशेखर सिंह निवासी शद्दनी दरबार के रूप में हुई । जानकारी के मुताबिक घटना शुक्र-शनि की रात का बताया जा रहा है। सडक़ हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई। जिसके बाद युवक बाहर  नहीं निकल पाया। कार के अंदर ही जिंदा जलकर चालक की मौत हो गई है। पूरी घटना धनेली धुसेरा मार्ग की है। 

मृतक, पुलिस विभाग से रिटायर्ड हवलदार का बेटा बताया जा रहा है। आग लगने का कारण अज्ञात है। फिलहाल यह हादसा है या हत्या इसका पता नहीं चल सका है। मौके पर पहुंची माना थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

माना थाना प्रभारी भावेश गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों से पूछताछ में पता चला कि देवपुरी में ट्रांसपोर्ट की दुकान है। वहां से रात तकरीबन 11 से 11:30 बजे निकले थे। इसके बाद धनेली ब्रिज के नीचे जली हुई कार में लाश मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि पहले हादसा हुआ है। इसके बाद कार में आग लग गई। हालांकि अभी पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।
 


अन्य पोस्ट