रायपुर

मूसलाधार बारिश, निचले इलाके और गांव जलमग्न
29-Jul-2023 3:25 PM
मूसलाधार बारिश, निचले इलाके और गांव जलमग्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 29 जुलाई। 
राजधानी समेत प्रदेश के कई इलाकों में रूक-रूक कर मूसलाधार बारिश हो रही है।  बारिश ने लोगों को उमस से राहत तो दिलाई लेकिन कई जगहों पर जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है।  शहर के निचले इलाके दतरेंगा और आसपास के गांव इलाके में लोगों के घरों में पानी भर गया है। 

मौसम विभाग ने बस्तर संभाग को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए अलर्ट जारी किया था। इसके मुताबिक दक्षिण बस्तर में बारिश होगी। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों में भी भारी बारिश होगी। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आवश्यक काम आने पर ही घर से बाहर निकले।  वहीं दूसरी ओर देर रात अचानक हुई बारिश की वजह से राजधानी रायपुर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। इसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में  लोग चौका चूल्हा छोड़ पानी फेंकने में जुटे हैं ।

इससे पहले शुक्रवार को सेजबाहर भाठागांव और आसपास के गांवो में मकान और  सडक़ें पानी-पानी हो गई हैं । इलाके के घर पानी में लगभग डूब गए हैं। हालत ये हो गई है कि पूरे बस्ती के लोग अब निकल कर के ग्राम पंचायत भवन में शिफ्ट हो गए। लोगों कि कहना है कि ऐसी स्थिति करीब आठ वर्ष बाद पुन आई है। उस दौरान भी निगम व जिलाधिकारियों ने आकर देखा था और नाले, नालियो के बहाव को सुधारे की बात कही थी। लेकिन दोबारा बाढ़ आ गई और सुधार नहीं किया गया। बताया गया है कि पास के रपटे की ऊंचाई बढ़ाने से बैक वॉटर बस्ती में भरता है।

ट्विट कर  निगम पर हमले 
शहरवासी महापौर एजाज ढेबर और निगम प्रशासन को टैग कर ट्वीटर पर नाराजगी जता रहे हैं। कौस्तुभ पेंडसे ने  लिखा है कि आज रायपुर के वार्ड क्रमांक 57 ले.अरविन्द दीक्षित की प्रियदर्शनी नगर कॉलोनी के निवासों के अंदर तक पानी घुस गया है !!आखऱि इसकी ज़िम्मेदारी किसकी है ??क्या नगर निगम रायपुर इस  मुद्दे को संज्ञान में लेगा ? क्या यही  सवाई व्यवस्था है आपकी ?? ललित प्रजापति ने कहा है कि रायपुर पानी पानी,छात्रों को परेशानी सडक़ें बनी तालाब,जलनिकासी के दावे डूबे।


अन्य पोस्ट