रायपुर

रायपुर-भिलाई उमस से परेशान, तो रायगढ़ में तेज बारिश
28-Jul-2023 5:51 PM
 रायपुर-भिलाई उमस से परेशान, तो रायगढ़ में तेज बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 जुलाई। प्रदेश के रायगढ़ में दोपहर  एक घंटे से अधिक समय तक बारिश होने से लोगों ने तरावट महसूस किया तो रायपुर,दुर्ग  भिलाई में धूप और उमस ने लोग बेहाल रहे। राजधानी में गुरूवार की देर रात जमकर बारिश हुई है। शहर में दिनभर उमस और गर्मी के बाद रात होते होते राहत मिली। प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से तेज बारिश हुई। इस बीच मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग में राहत वाली बारिश की उम्मीद जताई गई है। अब तक सरगुजा में कम वर्षा की वजह से सूखे जैसी स्थिति बनी हुई थी लेकिन आज से मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश होने के संकेत दिए हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदी नालों का जल स्तर बढऩे लगा है।

मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण ओडिशा और उससे लगे उत्तर आंध्र प्रदेश के ऊपर स्थित है और इसके साथ ऊपरी हवा का एक चक्रवात 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। मानसूनी द्रोणिका दुर्ग से होते हुए पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। प्रदेश में आज अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने और गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।

प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ बिजली गिरने और भारी बारिश होने की भी संभावना है। मानसून द्रोणिका और निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर की ओर जाने की संभावना है। इसके कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में भी बारिश होने की संभावना है। मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश के आंकड़े मिलीमीटर में

प्रदेश में इस सीजन में सबसे ज्यादा बीजापुर में 1002.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। जबकि बालोद में 634.6 मिमी, धमतरी में 532.2 मिमी, राजनांदगांव में 568.3 मिमी और सुकमा में 797.6 मिमी बारिश 1 जुलाई से 27 जुलाई तक रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से ज्यादा है। जबकि सरगुजा में केवल 172.5 मिमी ही बारिश हुई है, जो यहां सूखे जैसी स्थिति को बताता है। इसके अलावा राजधानी रायपुर में 520 मिमी औसत बारिश हुई है, जो सामान्य है।


अन्य पोस्ट