रायपुर

तकनीकी विवि में भर्ती पर कई सवाल, पूर्व विधायक पाण्डेय ने लगाए आरोप
28-Jul-2023 5:51 PM
तकनीकी विवि में भर्ती पर कई सवाल, पूर्व विधायक पाण्डेय ने लगाए आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 जुलाई। राज्य वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र पांडेय ने स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय में नियुक्तियों में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विवि में स्वीकृत व्यवस्था के अनुरूप भर्ती नहीं हो रही है। पांडेय ने इस पूरे मामले में विवि के रजिस्ट्रार की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।

पांडेय ने एक बयान में विवि प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि विवि शिक्षण विभाग के लिए शैक्षणिक पदों के लिए विभागवार सेटअप  स्वीकृत नहीं कराया गया है। इसके लिए यूजीसी के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। विवि में कम्यूटर साइंस विभाग नहीं है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मशीन लर्निंग एंड डाटा साइंस नाम के विभाग हैं। अतएव विज्ञापन क्रमांक 128, और 119 किस विभाग के लिए है। इसके रोस्टर का निर्धारण  किस आधार पर किया गया है, यह समझ से परे है।

उन्होंने सवाल उठाए कि यदि एआईएमएल, और डीएस के पद स्ववित्तीय आधार पर स्वीकृत हैं, तो इसका विज्ञापन में उल्लेख क्यों नहीं किया गया है? पांडेय ने कहा कि रोस्टर निर्धारण में विभागों का क्रम अध्यापक पद के लिए अलग, और सह प्राध्यापक पद के लिए अलग करने के कोई विशेष कारण हैं।

पांडेय ने पूछा कि यूजीसी के नियमों के अनुसार दिव्यागों के लिए सभी शिक्षण संस्थाओं में 7 फीसदी आरक्षण अनिवार्य हैं। फिर एक सरकारी तकनीकी विवि ने आरक्षण के नियमों का ध्यान क्यों नहीं रखा गया? वित्तीय अनुमति प्राप्त करने की अनिवार्यता के आदेश, और विवि के विज्ञापनों के अध्ययन से ही नियमों का हेरफेर व रोस्टर की विसंगतियां स्पष्ट तौर पर जाहिर हो जाती है। उन्होंने पूछा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार अनुसूचित क्षेत्र में पदस्थ अफसरों, औक कर्मचारियों को 15 दिन से अधिक समय के लिए किसी भी संस्ता में संलग्नीकरण नहीं किया जा सकता। दीप्ति वर्मा, अंकित अरोरा, पंकज सिदार, और अमला मिश्रा को किस आधार पर दो-तीन सालों में विवि में कार्यरत कर रखा गया है? पांडेय ने कहा कि विवि शिक्षण विभाग की एआईएमएल, और डीएस के कोर्सेस एआईसीटीई ने अनुमोदित नही किया है, फिर इन कोर्सेस के यूजीसी अनुमोदित विवि में किस तरह चलाया जा रहा है। 


अन्य पोस्ट