रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जुलाई। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में चल रहे मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में शुक्रवार को नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने घर को स्वर्ग कैसे बनाएं विषय पर कहा कि जब घर संयमित और संतुलित चलता है तो वह घर स्वर्ग बन जाता है। घर में बहू सास के हर दिन पैर छुए और घर का पूरा चूल्हा चौका संभाले तो ऐसा घर भी स्वर्ग से कम नहीं होता।
पहले के दिनों में तो ऐसा होता ही था की बहू हफ्ते में 6 दिन चूल्हा चौका का काम करें और इतवार के दिन जब बच्चे घर पर हो तो उनकी दादी उन्हें चूल्हा चौका करना सिखाए। ताकि बच्चे पढऩे के लिए बाहर जाए शादी होकर अपना ससुराल जाए तो उन्हें चूल्हे चौके का काम आना चाहिए। आज महिला चाहे तो घर को स्वर्ग बना सकती है और चाहे तो पल भर में सब बिगाड़ कर उसे नर्क भी कर सकती है।
साध्वी कहती है कि आज के दिनों में तो घरों में भाई-भाई, भाई-बहन, चाचा भतीजा के बीच में छोटी मोटी बात हो जाती है। बात इतनी बढ़ जाती है कि कोर्ट में अपने ही सगे संबंधी, खून के रिश्ते कचहरी में सामने खड़े हो जाते हैं। सबकी एक ही वजह है - संपत्ति। आज सारे विवाद रुपए-पैसे और जमीन-जायदाद को लेकर ही हो रहे हैं। लड़ भी वह रहे हैं जिन्होंने कभी रुपए-पैसे और संपत्ति को कम आया ही नहीं। बंटवारा तो एक व्यवस्था है जो आपके पूर्वजों द्वारा कमाई हुई संपत्ति को आप तक पहुंचाती है। यह वह फल है, जिसे पाने आपने कभी पुण्य किया ही नहीं। बंटवारे में जो संपत्ति आपको मिल रही है उसे चुपचाप प्रसाद समझ कर रख लेना चाहिए।
वैसे भी आपको सब चीज छोडक़र एक दिन इस दुनिया से जाना ही है, आपकी आंखें बंद होगी और सब कुछ खत्म हो जाएगा फिर भी आप सब पैसे-रुपए, जमीन-जायदाद समेटने में लगे हैं। आज आप जितना ज्यादा पैसा-रूपया यहां छोडक़र जाओगे, उतना ही बड़ा विवाद आपके जाने के बाद आपकी आने वाली पीढ़ी के बीच होगा। आज घर के बुजुर्ग, माता पिता, बेटे बहु सब अपने कर्तव्यों का पालन करें और जिम्मेदारियों को निभाएं तो आपका घर स्वर्ग बन जाएगा। आप लोग आनंद के साथ जीवन बिताएं और मनुष्य जीवन को सफल एवं सार्थक बना कर खुशहाली से जीवन यापन करें।