रायपुर

डॉ. खूबचंद बघेल का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता- बघेल
19-Jul-2023 4:33 PM
डॉ. खूबचंद बघेल का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता- बघेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जुलाई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज डॉ खूबचंद बघेल की जयंती के अवसर पर राजधानी  के फूल चौक स्थित डॉ खूबचंद बघेल व्यवसायिक परिसर नवीन मार्केट में आयोजित जयंती समारोह में शामिल हुए। 

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने परिसर में स्थापित डॉ खूबचंद बघेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि दी। इस अवसर पर  बघेल ने  कहा कि डॉ खूबचंद बघेल छत्तीसगढ़ के पहले स्वप्नदृष्टा थे। छत्तीसगढ़ के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। डॉ खूबचंद का व्यक्तित्व बहुआयामी था। वे एक कुशल संगठक, चिकित्सक, किसानों के हितैषी, सहकारिता आंदोलन के अग्रणी, लेखक व अच्छे कलाकार भी थे। डॉ. खूबचंद बघेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लिया। उनकी मां और पत्नी भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहीं। 

इस अवसर पर  राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक,  महापौर  एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी समाज से केंद्रीय अध्यक्ष श्री चोवाराम वर्मा, श्री जागेश्वर वर्मा, श्री महेश वर्मा, श्री रघुनंदन लाल वर्मा, श्री मनोज वर्मा, श्री संजय श्रीवास्तव, श्री डोमेश्वरी वर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट