रायपुर

3 महीने के लिए प्रदेश अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, योजना आयोग का अध्यक्ष
15-Jul-2023 2:29 PM
3 महीने के लिए प्रदेश अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, योजना आयोग का अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जुलाई।
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जैसे बरसात के समय लोग अपने घरों की मरम्मत करते हैं, वैसे ही कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में मरम्मत का काम किया है और  ऐसा हो पूरी कांग्रेस पार्टी बारिश में बह जाए। क्योंकि दिल्ली से लेकर छत्तीसगढ़ तक कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। डीएमएफ घोटाले के आरोप लगाने वाले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को अपमानित करके पद से हटाया गया और उन को मंत्री बनाया गया। इसके पहले कांग्रेस पर आरोप लगाने वाले वरिष्ठ मंत्री जिन्होंने कहा कि 7 लाख गरीबों को मैं घर नहीं दे पा रहा हूं। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री जी के द्वारा षड्यंत्र किया जा रहा है। ऐसे आरोप लगाने वाले को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ मंत्री टेकाम से मंत्री पद छीन कर उनको अपमानित किया गया है। सभी जानते हैं कि प्रेमसाय सिंह टेकाम किस से जुड़े हुए हैं। किस गुट को बिलॉन्ग करते हैं। लेकिन लगता है राजा अब राजा न रहकर लल्लूराम हो गए।

यह चारों घटनाक्रम इस बात को प्रमाणित करते हैं कि भाजपा छत्तीसगढ़ की कांग्रेसी सरकार पर जो लगातार आरोप लगाती रही है, उन आरोपों को  कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने मान लिया है और इसीलिए उन्होंने कहा कि सामूहिक नेतृत्व में चुनाव होगा और 3 महीने के लिए, 100 दिनों के लिए प्रदेश अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, योजना आयोग का अध्यक्ष बनाया है।

उन्होंने पूछा  इस समय सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया तो ताम्रध्वज साहू को क्यों नहीं बनाया गया , पहले मोहन मरकाम को मंत्री क्यों नहीं बनाया। पिछड़ा वर्ग आदिवासी वर्ग अनुसूचित जाति वर्ग इनका क्या हुआ? कांग्रेस में इनकी कोई कीमत नहीं रही। पहले 78 परसेंट आरक्षण के नाम पर सबको भुलावे में रखा गया और अब कांग्रेस अध्यक्ष पद और मंत्री के नाम पर उनका अपमान किया जा रहा है। इसे किसी भी स्तर पर छत्तीसगढ़ में कोई भी वर्ग संतुष्ट नहीं है। सबको ठगने का काम किया है। यह भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी ने किया है और यह जो कुछ हो रहा है, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर हो रहा है।

अग्रवाल ने कहा कि  बघेल और सिंहदेव के बीच आपस में जो कुछ है उसके कारण पूरे छत्तीसगढ़ को पीड़ा झेलने के लिए मजबूर होना पड़ा रहा है। छत्तीसगढ़ की जनता कह रही है कि यह भूपेश की सरकार नहीं है यह ठगेश की सरकार है। छत्तीसगढ़ में भूपेश की सरकार ने  ढेर सारे घोटाले  किए हैं। छत्तीसगढ़ के धन को खाने का काम कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व कर रहा है।

भाजपा अजजा  मोर्चा अध्यक्ष विकास मरकाम ने कहा कि कांग्रेस सरकार में आदिवासी नेताओं को झुनझुना पकड़ा दिया है लेकिन उसका छर्रा निकाल लिया है ताकि वह बज भी ना सके।

मोहन मरकाम को अपमानजनक ढंग से अध्यक्ष पद से हटाए और संतुष्ट करने के लिए उन्हें मंत्री बना दिया गया परंतु उनसे स्कूल शिक्षा नही दिया गया।
सबसे अपमानजनक स्थिति तो प्रेमसाय सिंह टेकाम की हुई उन्हें मंत्री पद छीन लिया गया और सिर्फ कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे दिया गया उस पर तुर्रा यह कि उनके हटते हैं स्कूल शिक्षा में ट्रांसफर के मामले में जांच के आदेश जारी कर दिए गए ताकि वे बगावती तेवर ना अपना सके।
 


अन्य पोस्ट