रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 जुलाई। बिलासपुर पुलिस के निजात की देखा,देखी रायपुर पुलिस ने भी जिले में नशे के विरूद्ध व्यापक जन जागरूकता अभियान ‘‘हैलो जिन्दगी’’ चलाएगी। नशे के विरूद्ध इस जागरूगता अभियान में आम जनता, डॉक्टर्स, स्कूल - कॉलेज के छात्र, स्वयं सेवी संगठन, गैर शासकीय संगठन एवं विभिन्न सामाजिक संगठन शामिल होंगे।
इस जागरूकता अभियान के तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों, पब्लिक प्लेसेस, हाउसिंग सोसायटी, मोहल्ले, स्कूल/कॉलेज, कार्यालयों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी विभिन्न माध्यमों से नागरिकों को जागरूक किया जायेगा। साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा। इस अभियान के तहत आईजी अजय यादव शनिवार, 15 जुलाई को जन जागरूकता वैन को झंडी दिखाकर रवानाकरेंगे। पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि ‘हैलो जि़ंदगी’ से अभियान 15 अगस्त तक रायपुर के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में चलाया जाएगा।


