रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा शुरू किए गए युवाओं से सीधे संवाद के ताजा अभियान पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री बघेल अब भेंट-मुलाकात नहीं, ‘सेट-मुलाकात’ कर रहे हैं।
श्री ठोकने ने कहा कि चुनावी सवाल में युवा मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रहे मुख्यमंत्री बघेल को अब पौने पाँच साल का कार्यकाल बीत जाने के बाद युवाओं की याद आई है, लेकिन भेंट मुलाकात नाम पर सेट मुलाकात का मुख्यमंत्री बघेल का यह सियासी ड्रामा पूरी तरह फ्लॉप शो साबित होगा। श्री ठोकने युवाओं से अपील की है कि मुख्यमंत्री के इस ‘सेट मुलाकात’ में प्रदेश के युवा इन सारे मुद्दों पर मुख्यमंत्री बघेल से खुलकर चर्चा करें और युवाओं के भविष्य को दाँव पर लगाने वाले मुख्यमंत्री से सवाल पूछें।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठोकने ने कहा कि रोजगार मांगते युवाओं को भयावह कोरोना काल में आंदोलन के लिए विवश करने, न्याय व हक मांगने पर लाठियां बरसाने और बेरोजगारी भत्ते के नाम पर छल करने वाले मुख्यमंत्री बघेल को क्या यह पता है कि युवाओं के मन में उनकी छवि प्रदेश की राजनीति के खलनायक की बन चुकी है।


