रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जुलाई। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में शनिवार को नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने कहा कि आप कितना भी पढ़ लो, लिख लो, ज्ञानी बन जाओ, प्रवचन सुन लो लेकिन जब तक इनके सार को आप अपने जीवन में नहीं उतारोगे तो इन सबका कोई मतलब नहीं होगा।
अगर ऐसा नहीं हुआ तो आपने अपना कीमती समय बर्बाद कर दिया है, ऐसा माना जाएगा। आपने दुनिया भर के दर्शन पढ़े, अध्यात्म सीखा और आपके जीवन में कोई बदलाव नहीं आया तो यह सब करना आपके लिए व्यर्थ होगा।
साध्वीजी कहती है कि हमें जागृत होने के लिए यह जन्म मिला है, यह बहुत ही अच्छा अवसर है। सूर्योदय से पहले उठकर हमें सूर्योदय का स्वागत करना चाहिए। सुबह उठकर आपको स्फूर्ति और प्रसन्नता के साथ मुस्कुराना होगा और यदि आपने सुबह यह मुस्कान अपने चेहरे पर ले आया तो यह दिन भर के लिए आप के चेहरे में स्टोर हो जाएगी।
हमारे शरीर स्वस्थ रहें, इसके लिए हम लोग सुबह उठकर मॉर्निंग वॉक, व्यायाम और प्रतिक्रमण करते हैं। आम भाषा में व्यायाम कह सकते है और जिनवाणी में हम इसे प्रतिक्रमण कहते हैं। वैसे आप जो भी करे, उद्देश्य तो आखिरकार स्वस्थ रहना ही होता है।
वैसे ही एक बात और है कि जब तक आपका शरीर साथ दे रहा है तब तक खासकर महिलाओं को तो चौका नहीं छोडऩा चाहिए और पुरुषों को अपना बिजनेस नहीं छोडऩा चाहिए। हाथ पैर सही सलामत होते हुए आपको घर में सोए हुए नहीं पड़े रहना है। हम सभी को हम सभी को हर दिन 24 घंटे का समय मिलता है।