रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 जुलाई। करीब महीने भर पहले एक उड़ान को बेमुद्दत बंद करने के बाद इंडिगो ने हैदराबाद के लिए द्विसाप्ताहिक उड़ान शुरू कर रही है। यह उड़ान 12 से 29 जुलाई तक 18 दिनों के लिए होगी। जो बुधवार, शनिवार को दोपहर 2.10 बजे हैदराबाद से टेकऑफ कर शाम 4 बजेे रायपुर लैंड करेगी। वापसी में 4.20 उडक़र शाम 6 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। बताया गया है कि यह एटीआर होगा। हैदराबाद के लिए यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह अतिरिक्त उड़ान की सुविधा होगी। इस समय इंडिगो ,हैदराबाद से रायपुर के लिए सुबह, शाम दो उड़ाने संचालित कर रहा है । यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्राफिटेबल सेक्टर के लिए अब तक तीन उड़ाने उपलब्ध थीं। लेकिन एक माह पहले ही तीसरी उड़ान को बेमुद्दत बंद कर दिया गया था।
इधर ट्रैवल एजेंट्स ने रांची के लिए एक उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव दिया है । व्यास ट्रैवल्स के कीर्ति व्यास ने कहा कि झारखण्ड की स्टील सिटी जमशेदपुर और साथ लगे माइन डिस्ट्रिक्ट के लिए खनिज, इस्पात उद्योग के कारोबारियों, अफसरों की आवाजाही अधिक रहती है। वे इस समय दिल्ली, कोलकाता सेक्टर के रास्ते या ट्रेन से जाने मजबूर हैं । और फिर सावन में बाबाधाम देवघर जाने वाले भी सीधे रांची जाना चाहते हैं । इसे देखते हुए हमने रायपुर रांची रायपुर सीधी उड़ान शुरू करने का आफर दिया है। इसका इंतजार है।


