रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जुलाई। गंज इलाके में सवारी छोडऩे गए ई रिक्शा चालक और उसके साथी के साथ चाकू के नोक पर अपहरण कर लूट करने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बीसीलाल साहू ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बनरसी आरंग रायपुर में रहता है। और मजदूरी का काम करता है। जो रविवार की रात को 1 बजे अपने पड़ोसी रूपेश साहू के साथ ई-रिक्शा में रेल्वे स्टेशन गया था। जहां स्टेशन के पास दोनों चाय ठेला में चाय पी रहे थे। इसी दौरान तरूण पाल अपने साथी साहिल के साथ वहीं ठेले आ गए और अपने पास रखे चाकू दिखाकर उसका मोबाइल लूटने लगे। जिसका विरोध करने पर तरूण पाल एवं साहिल पेट में चाकू टिकाकर जबरन उसे अपने मोटर सायकल में बैठाकर रेलवे स्टेशन से राजातालाब पास ले गया। जहां उनका तीसरा साथी राहुल पाल पहले से ही मौजूद था। जहां तीनों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल लूट लिया। फिर बाइक पर बैठाकर तेलघानी नाका के पास छोडक़र फरार हो गए। जिस पर तीनों के खिलाफ गंज में धारा 365, 394 अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने बीसीलाल और साथी से पूछताछ कर आरोपियों की पतासाजी की। इसी बीच मुखबीर की सूचना पर आरोपी तरूण पाल उर्फ नवीन, शेख साहिल उर्फ सलीम एवं राहुल पाल को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूट का मोबाइल घटना में प्रयुक्त चाकू एवं और दोपहिया को जब्त कर कार्रवाई की गई।


