रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई। छत्तीसगढ़ में चावल खरीदी में करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले 3 चावल एक्सपोर्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में शिकायत दर्ज है। रायपुर पुलिस ने इस मामले में आरोपी मुंबई निवासी ऋषभ मौर्या और अनिल मौर्य को गिरफ्तार किया है। वहीं दिल्ली निवासी अमित गोयल को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दरअसल, अमित चावल उद्योग के संचालक राजेन्द्र अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। मामले के दो आरोपी मुंबई निवासी ऋ षभ मौर्या, अनिल मौर्य अग्रिम जमानत लेकर अपने वकीलों के साथ थाने पहुंचे थे। मामले में दोनों आरोपी तिल्दा में दर्ज मामले में तो बच गए लेकिन रायपुर के मोवा थाने में दर्ज मामले ने दोनों को जेल पहुंचा दिया। दिल्ली निवासी अमित गोयल को भी स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला चावल खरीदी में लगभग 4.15 करोड़ रुपए गबन करने का है। मिल जानकारी के अनुसार, आरोपी करीब 13 करोड़ का गबन कर विदेश भागने की फिराक में थे। कोर्ट ने नोटिस जारी कर विदेश जाने पर प्रतिबंध लगाया था। मामले में दो आरोपी अग्रिम जमानत लेकर अपने वकीलों के साथ तिल्दा पहुंचे थे। यहां दोनों को मुचलके पर जमानत दी गई। इस मामले का रिपोर्ट भगवती इंटर प्राइजेस के संचालक प्रशांत शर्मा ने दर्ज कराई। प्रशांत राइस मिलर्स, और चावल बेचने वाले व्यापारियों के बीच खरीदी-बिक्री का काम करता है। इस मामले में उसने कुरूद स्थित सिद्धी गणेश राइस इंड्रस्टीज, केला राइस, रौशन राइस, मंगलमूर्ति एग्रो, अन्नपूर्णा एग्रो, महेश्वरी राइस, अनमोल एग्रोटेक, और प्रतीक राइस इंड्रस्टीज के संचायकों से संपर्क कर चावल का सौदा इन लोगों से किया था।


