रायपुर

कुलविंदर और 13 साथियों ने किया महादेव सट्टे में 30 करोड़ का कारोबार
03-Jul-2023 2:43 PM
कुलविंदर और 13 साथियों ने किया महादेव सट्टे में 30 करोड़ का कारोबार

 9 लाख होल्ड कराया 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई।
पुलिस ने महादेव ऑनलाईन सट्टा एप के विरूद्ध कार्यवाही में संचालित बैंक अकाउण्ट्स में पैसो के लेनदेन का खुलासा किया है। पुलिस ने दो दिन पहले ही  सट्टा एप के पैसो का हिसाब किताब-रखने वाले कुलविंदर सिंह सहित बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले 14 लोगो  को गिरफ्तार किया  था। कुलविंदर सिंह,  प्रसून्न द्विवेदी एवं युवराज साहू के माध्यम से अन्य व्यक्तियों को झांसे में ले  बैंक खाता खुलवाकर, उसके बिना जानकारी के महादेव एप में उपयोग कर रहे थे।अब तक कुल 17 बैंक खातों में लगभग 30 करोड़ से अधिक राशि का लेन-देन किया गया है। इन खातों में वर्तमान में जमा 9 लाख से भी अधिक राशि को  डेबिट होल्ड कराया गया। पुलिस ने  और इन खातों से लिंक्ड सभी मोबाईल नम्बर को डी-एक्टिवेट कराने संबंधित टेलिकॉम सर्विस प्रोवाईडर कम्पनी को  लिखा  है । इस धोखाधड़ी की  साहू पारा डंगनिया के कौशल साहू ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस रिपोर्ट पर दो दिन पहले गिरफ्तार 14 लोगों  से पूछताछ पर उनके द्वारा संचालित बैंक खातों में से 2 करेंट अकाण्ट्स एवं अबतक कुल 17 बैंक खातों की जानकारी मिली । ये  खाते रायपुर सहित नागपुर, अहमदाबाद, मुम्बई आदि शहरों के विभिन्न बैंक शाखाओं में संचालित होना पाया गया है। 

इन सभी बैंक खातों का संबंधित बैंक से विगत 6 माह का लेन-देन का विवरण लिया गया। इनके अवलोकन से ज्ञात होता है कि एकल खाते में ही मात्र 6 माह में ही करोड़ो के लेन-देन का हिसाब है। सभी बैंक खातों में लगभग 30 करोड़ से अधिक राशि का लेन-देन हिसाब-किताब परिलक्षित हुआ है।  इन खातों से अन्य खातों में स्थानांतरित हुई राशि के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की जा रही है तथा इनसे पैसे प्राप्त करने वाले खातों पर भी निगरानी रखी जा रही है।


अन्य पोस्ट