रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जून। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के संचालन में पैसो के लेन-देन का हिसाब रखने वाले कुलविंदर सिंग उर्फ सन्नी और बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले 14 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
एसएसपी प्रशांंत अग्रवाल ने गुरूवार को खुलासा में बताया कि कुलविंदर और पकड़े गए अन्य साथी के खाते से पुलिस को अब तक दो करोड़ों रुपए का हिसाब मिला है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है। खाता उपलब्ध करवाने वालों को दो-दो हजार रुपये दिए जाते थे। कुलविंदर काफी समय से महादेव एप से जुड़ा हुआ है।
अग्रवाल ने बताया कि प्रसून्न द्विवेदी एवं युवराज साहू अन्य लोगों से भी बैंक खाता खुलवाकर उनका पासबुक और एटीएम कार्ड कुलविंदर सिंह को देते थे। जिस वह रखता था। आरोपितों ने प्रार्थी सहित अन्य 11 लोगों के खाते खुलवाए थे। और भी आरोपी बढ़ सकते हैं। उनके कब्जे से घटना से संबंधित छह पासबुक, 13 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और नगदी रकम तीन हजार रुपये जब्त की गई है। इनके खिलाफ धोखाधड़ी और जुआ एक्ट की नई धारा के तहत कार्रवाई की गई।
ऐसे मामला आया सामने
कौशल साहू ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह साहूपारा डंगनिया में रहता है। रोजी मजदूरी का काम करता है। उसके दोस्त युवराज साहू भी वहीं रहता है। उसने कहा कि परिचित के प्रसून्न द्विवेदी निवासी उरकुरा को कुछ काम से बैंक खाता चाहिए। काम होने के बाद वह वापस कर देगा। कौशल ने खाता खुलवाकर युवराज साहू के कहने पर प्रसून्न द्विवेदी को पासबुक, एटीएम दे दिया।
इस बीच जब कौशल ने कैनरा बैंक शाखा कबीर नगर में जाकर अपना खाता चेक कराया तो उसे बैंक मैनेजर ने बताया कि उसके खाते में बहुत अधिक पैसो का लेन-देन होने से उसके बैंक खाता को ब्लाक कर दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी...
प्रसून कुमार द्विवेदी, निवासी अल्का विहार खमतराई। कुलविंदर सिंह उर्फ सन्नी,कबीर नगर, युवराज साहू शिव मंदिर डंगनिया, प्रतीक कुमार शुक्ला बंधवा तालाब खमतराई ,विशाल कुमार सिंग सन्यासीपारा खमतराई, प्रतीक नामदेव गंगानगर, बी. दिशांत राव खमतराई, पंकज साहू गंगानगर खमतराई,अदिल फारूकी खमतराई, अंकित सिंह निवासी कविलाश भनपुरी खमतराई, प्रशांत नामदेव गंगानगर खमतराई, अश्विन कुमार कश्यप खमतराई, दुर्गेश मिश्रा शारदा इलेक्ट्रिकल्स उरकुरा ,आई. पवन झण्डा चौक श्रीनगर खमतराई।


