रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जून। महापौर एजाज ढेबर ने शुक्रवार को महामाया मन्दिर वार्ड - 65 के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर वार्डवासियों की जनसमस्याओं को प्रत्यक्ष देखा। उनके साथ पार्षद श्रीमती सरिता वर्मा, जोन कमिश्नर रमेश जायसवाल सहित जोन 6 के सम्बंधित अधिकारी भी रहे। वार्ड के परशुराम नगर क्षेत्र में निरंतर बारिश के दौरान जल के भराव की जनसमस्या को देखा। ढेबर ने जोन कमिश्नर को तत्काल जेसीबी मशीन लगाकर नाले की तले तक पूर्ण सफाई करवाकर गन्दे पानी की सुगम निकासी के निर्देश दिये।
साथ ही जल भराव क्षेत्र के नाले की मानसून के दौरान सतत मॉनिटरिंग करवाकर सफाई करवाना एवं निकास को सुगम बनाये रखने कहा। ये कार्य तत्काल किया गया। महापौर ढेबर ने जोन कमिश्नर को गोपिया पारा में सडक़ मार्ग पर लगने वाले सब्जी बाजार को तरुण सब्जी बाजार क्षेत्र के रिक्त स्थान पर सुव्यवस्थित तत्काल व्यवस्थापित करवाने के निर्देश दिये। ताकि सब्जी विक्रेता स्वच्छ वातावरण में व्यवसाय कर सकें एवं सडक़ पर लगने वाले यातायात जाम की जनसमस्या का त्वरित निदान हो सके। ढेबर ने जोन स्तर पर वार्ड से सम्बंधित सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाईट की जनसमस्याओं का जनहित में त्वरित निदान करवाने के निर्देश दिये हैं।


