रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जून। सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षा में जोड़तोड़ ( मेनिपुलेशन) गड़बड़ी को लेकर खुलासों या सिलसिला थम नही रहा। दिन, दो दिन के अंतराल में नित नई जानकारियां सामने आ रहीं हैं। इसका खुलासा करने वाले इसे पीएससी, व्यापमं जैसी सरकारी एजेंसियों का चमत्कार बता रहे है। कल व्यापमं ने राऊत नाचा को आदिवासी समुदाय का नृत्य बताया था तो आज सहायक प्रबंधक( एलवीएएम) परीक्षा के प्रश्न पत्र सेटिंग में ऐसा खेल किया कि किसी भी सेट का पर्चा हो उत्तर एक ही होगा।
इस चमत्कार कि खुलासा करते हुए उज्ज्वल दीपक ने ट्वीट किया कि किसी भी परीक्षा में अलग अलग सेट में प्रश्न पत्र देने की पूरी अवधारणा को ही कुचल डाला है व्यापमं ने । ध्यान से भी देखने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी । सारे सेट में उत्तरों का एक ही विकल्प में जुगाड़ दिया गया है । जरा सोचिए की ऐसा क्यों किया गया होगा ?? ताकि जिनको प्रश्न और उत्तर पहले से बता दिये गये हैं, उनको ज्यादा मेहनत ना करनी पड़ी । पूरी शिद्दत से इस कारनामे को अंजाम दिया जा रहा है !!
दीपक ने कहा कि खेल लो युवाओं के भविष्य से कांग्रेस सरकार। इसकी बड़ी क़ीमत चुकानी पड़ेगी। इस चुनाव में इस खिलवाड़ की। यह पोस्ट वायरल होते ही व्यापमं ने देर रात एक बयान जारी कर कहा कि ऐसा सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण हुआ है। सभी सेट के सभी प्रश्नों के उत्तर के रुप में एक ही विकल्प नहीं दिया गया है। इसमें सुधार के बाद संशोधित मॉडल आंसर वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।