रायपुर
45- 52 सीट की बसों में कंडक्टर 80- 90 लोगों को भर कर ले जाते हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जून। राजधानी में यात्री बसों में टिकट का बड़ा खेल देखने को मिला। शहर से आने और जाने वाली यात्री बसों में रोजाना बसों में यात्रियों को क्षमता से अधिक सवारी बैठाया जा रहा है। वहीं बस स्टैंड से निकने पर नियमों का पालन किया जाता है। जैसे ही बस शहर से बाहर निकलते ही बस संचालकों की मनमानी शुरू हो जाती है। 45- 52 सीट की बसों में संचालक और कंडक्टर 80- 90 लोगों को भर कर ले जाते है। कभी - कभी तो हालत ये हो जाती है की यात्रियों को बस में खड़ा होने की जगह भी नहीं मिल पाता ऐसे में यात्री बेबस होकर मीलों का सफर धक्का खाते हुए पूरा करते हैं।
दरअसल बसों में यात्री बिठाने से पहले कंडक्टर लोगों को बस में चढऩे के लिए सीट होने का प्रलोभन देते हैं। फिर बस के शहर से बाहर जाते ही यात्रियों को धमकाने और सीट की मांग करने पर बीच रास्ते उतारने की धमकी दी जाती है। ऐसा हाल किसी एक बस का नहीं है। राजधानी से धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, राजनांदगांव और बिलासपुर को चलने वाली अधिक्तर बसों में यात्रियों के साथ बदसलूकी भी की जाती है।
बात यहीं तक नहीं कंडक्टर और ड्राईवर के कमीशन का खेल बड़े जोरों से चलता है। लग्जरी और लोकल बसों में तो यात्रा करने पर टिकट भी नहीं दी जाती मौसम और समय देख कर मनमाना किराया वसूला जाता है। यात्रियों के पूछने पर कंडक्टर कहता है, कि हमारी बस में टिकट नहीं मिलता आपको जाना है तो चलो नहीं तो बीच रास्ते उतर जाओं ऐसे में यात्री करे भी तो क्या करे। ऐसा ही मामला सोमवार को धमतरी से आ रही गुप्ता ट्रेवल्स की बस में हुआ।
कुरूद से आ रहे यात्री को बस में सीट होने का झांसा देकर बस में चढ़ाया, फिर कुछ दूर जाने के बाद किराया वसूल कर सीट देने की बात कही। जिसके बाद वह वहां से चला गया। कुछ देर बाद बस में दस पंद्रह लोगों को सीट का झांसा देकर चढ़ाया। ऐसा करते करते बस में 40 लोग खड़ा होकर सफर कर रहे थे। यहां तक तो ठीक है लेकिन जब टिकट की मांग करने पर कहा कि हमारे बस में टिकट नहीं मिलता। आपको जाना है तो चलो नहीं तो उतर जाओ। जिसके बाद पैसा वापस करने की मांग करनेऔर टिकट मांगे जाने पर किसी दुसरे बस की टिकट को दिया। इसकी शिकायत की बात कहने पर वहीं पास खड़े उसके साथी ने कहा कि बस संचालकों की पुलिस से सेटिंग रहती है। इनपर कोई कार्रवाई नहीं करता।
यात्रियों का कहना है कि आए दिन बसों में यही हाल रहता है। कंडक्टर पहले बस में बिठाता है जहां बसों में सीट भी नहीं रहती। किराया लेने के बाद टिकट की मांग करने पर धमकाया जाता है। कभी-कभी बहस भी हो जाती है। ज्यादा पैसा कमाने के चक्कर में बस संचालक आउटरों में लोकल सवारी बिठाकर बसों में क्षमता से अधिक सवारी भर कर ले जाता। जहां लोगों को बस में खड़े होकर सफर करना पड़ता है। 45-52 सीट वाली बसों में तो 80 से 90 लोगों को भर कर ले जाते हैं। पुलिस प्रशासन भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं करती।
कलेक्टोरेट के एक कर्मचारी ने बताया कि मैं रोज बस से यात्रा कर राजधानी आता हुं। बसों में ऐसा मंजर रोज देखने को मिलता है। रोज का आना जाना है तो हमें सीट मिल जाता है। लेकिन ज्यादातर लोगों को खड़ा होकर ही सफर करना पड़ता है। इनका तो रोज का काम है, इनसे कौन बहस करे।