रायपुर
गांधी नाम आते ही भाजपा नेताओं में आग लग जाती है-सीएम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 जून। निगम की एमआईसी ने एयरपोर्ट जाने वाले वीआईपी रोड का नाम बदलकर स्वर्गीय राजीव गांधी करने का फैसला किया है। इसे लेकर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्म हो गई है। अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस एक परिवार से आगे नहीं बढ़ सकती। वहीं सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि गांधी का नाम आते ही भाजपा नेताओं के शरीर में आग लग जाती है। सीएम ने कहा ऐसा नहीं है प्रदेश में कई संस्थानों के नाम छत्तीसगढ़ के महापुरूषों के नाम पर किए गए हैं।
चंद्राकर ने कहा कि नाम में क्या रखा है? जनता जानती है कि निर्माण किसके द्वारा किया गया है। ये ओछी मानसिकता और ओछी राजनीति है। अजय चंद्राकर ने गांधी परिवार को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा है।
चंद्राकर ने कहा कि आपके पास बताने के लिए कुछ नहीं है तो आप बने बुनाए संस्थानों का नाम बदल दे रहे है। कांग्रेस एक परिवार से आगे बढ़ नहीं सकती। एक परिवार से बाहर निकलेगी तो मानसिक रूप से विकलांग हो जाएंगे। कांग्रेस का मेनिफेस्ट्रो गांधी से शुरू होकर गांधी में खत्म होगा।