रायपुर

भीषण गर्मी के बीच तपती राजधानी, 48 घण्टों के लिए लू का अलर्ट
12-Jun-2023 9:08 PM
भीषण गर्मी के बीच तपती राजधानी, 48 घण्टों के लिए लू का अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 जून। राजधानी सहित प्रदेशभर में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घण्टों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। राजधानी में सोमवार को मौसम काफी गर्म रहा सुबह से ही गर्मी का एहसास होने लगा। दोपहर तक पारा 43 डिग्री तक रहा वहीं रात में लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे। पिछले दिनों नौतपा खत्म होने के बाद मौसम में कुछ बदलाव के संकेत देखे गए। दो चार दिनों बाद एक बार फिर गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू किया है।  वहीं मौसम विभाग ने राजधानी सहित प्रदेशभर में अगले 48 घण्टों के लिए अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में पारा और बढऩे की संभावना है। दोपहर की चिलचिलाती धूप झुलसाने लगी है और उमस में भी बढ़ोतरी हो गई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इसी प्रकार प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रायगढ़ रहा, एडब्ल्यूएस रायगढ़ का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले चार से पांच दिन और तपाने वाले ही रहेंगे। इसके बाद ही मौसम का मिजाज थोड़ा बदलेगा। इस वर्ष मानसून में लेटलतीफी के चलते ही गर्मी में भी बढ़ोतरी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार जगदलपुर में 13 जून, रायपुर में 16 जून और अंबिकापुर में 21 जून को मानसून प्रवेश कर सकता है।

 


अन्य पोस्ट