रायपुर

मोदी सरकार अनाजों के समर्थन मूल्य बढ़ा रही, भूपेश सरकार झूठे दावे कर रही-साव
10-Jun-2023 11:22 PM
मोदी सरकार अनाजों के समर्थन मूल्य बढ़ा  रही, भूपेश सरकार झूठे दावे कर रही-साव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 जून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रेसवार्ता में कहा    प्रधानमंत्री मोदी ने धान समेत सभी कृषि उपज के मूल्य में पर्याप्त वृद्धि कर अन्नदाताओं का सम्मान किया है। धान के समर्थन मूल्य में 143 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि कर इसे अब 2.183 रुपया कर दिया गया है। मोदी जी की सरकार द्वारा की गयी यह वृद्धि मनमोहन सरकार के कार्यकाल के 1310 रुपए की तुलना में करीब 67 प्रतिशत अधिक है। यहीं मूंग दाल के समर्थन मूल्य में 803 रुपए, मूंगफली में 527 रुपए, मोटे अनाज ज्यार में 210, बाजरा में 150, रागी में 268 रुपए, मक्का में 128 रुपए, अरहर दाल में 400 रुपए, उड़द दाल में 350 रुपए, सोयाबीन में 300 रुपए की वृद्धि की गई है।

श्री साव ने कहा एनडीए सरकार ने एम. एस. पी के अंतर्गत हमारे किसानों की धान उपज लागत पर मार्जिन डेढ़ गुना बढ़ा दिया है। मोदी सरकार ने पिछले 9 वर्षों में एम.एस.पी में 873 रुपये की वृद्धि की है। भाजपा सरकार द्वारा की गयी मौजूदा एमएसपी बढ़ोतरी ने भारतीय किसानों को सुरक्षा कवच प्रदान करते हुए उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार किया है।

मोदी जी की सरकार में देश का कृषि बजट 5 गुना बढ़ कर 1.25 लाख करोड़ हुआ। आज देश में रिकॉर्ड 320 मिलियन टन अनाज उत्पादन हो रहा है। समर्थन मूल्य पर कृषि उत्पाद खरीदी का भी रिकॉर्ड देश ने बनाया है। ध्यान देने की बात है कि छत्तीसगढ़ के भूपेश सरकार के झूठे दावों के उलट प्रदेश का दाना दाना धान मोदी जी की सरकार ही खरीद रही है. इस मद में पिछले चार वर्षों में 65 हजार करोड़ रुपए से अधिक केंद्र सरकार ने दिया है, वहीं कथित न्याय योजना के नाम पर अनेक फिरतो में केवल 11-12 हजार करोड़ देकर ही भूपेश सरकार ऐसी डींगे हांक रही है, मानो उसी ने सारी खरीदी की है।


अन्य पोस्ट