रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 नवम्बर। भानुप्रतापपुर निवासी एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव रुहाब मेमन को कालेज की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। रुहाब मेमन को भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए सह प्रभारी बनाया गया है। संगठन ने उसे पद से निलंबित कर दिया है। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने बताया कि घटना बुधवार की है, पीडि़ता ने जो रिपोर्ट दर्ज कराई है उसके मुताबिक कानून सम्मत कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। टीआई शरद दुबे ने बताया कि रूहाब को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया ।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने एक बयान में कहा है कि एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव व भानुप्रतापपुर उपचुनाव के सह प्रभारी के द्वारा बलात्कार जैसे गंभीर अपराध में संलिप्त होना इस बात को स्पष्ट करता है कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ क्यों बढ़ रहा है। साव ने कहा कि सत्ताधारी दल से जुड़े व कांग्रेस के महत्वपूर्ण पदों पर रहने वाले लोगों के कृत्य गंभीर चिंता में डाल रहे हैं छत्तीसगढ़ प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा कैसे होगी ?बहुत पीड़ा महसूस कर रहा हूं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव के दुष्कर्म मामले में गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता कभी नक्सलियों का ईलाज करवाते गिरफ्तार होते हैं कभी रेप के मामले में और कांग्रेस के बड़े बड़े नेता न्याय की बात करते हैं। उन्होंने कहा बलात्कार जैसे आरोप में गिरफ्तार एनएसयूआई के प्रदेश महामंत्री को कांग्रेस ने भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस ने सहप्रभारी की जिम्मेदारी सौंप रखी थी और उसे बलात्कार जैसे घृणित आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया अभी चुनाव शुरू ही हुआ हैं और कांग्रेस ने भानुप्रतापपुर में आपराधिक प्रवित्ति के पदाधिकारी को जिम्मेदारी दे कर भेजना प्रारम्भ कर दिया यह बेहद चिंता का विषय हैं।