रायपुर

भूपेश अपना गिरता हुआ घर सम्हालें- कश्यप
15-Nov-2022 7:07 PM
भूपेश अपना गिरता हुआ घर सम्हालें- कश्यप

बघेल बतायें क्या पुनिया की सर्वे रिपोर्ट फाड़कर सारे निकम्मों को टिकट देंगे?

रायपुर, 15 नवंबर। प्रदेश भाजपा महामंत्री व पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने सीएम भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि  वे भाजपा की चिंता में दुबले न हों। भाजपा अपने फैसले लेने के लिए सक्षम और स्वतंत्र है। हमें उस कांग्रेस से ज्ञान लेने की कोई जरूरत नहीं है, जो देश भर में समाप्ति की कगार पर है और अगले साल सत्ता की राजनीति से सौ फीसदी बेदखल होने जा रही है। सीएम ने आज सुबह कहा था कि गुजरात की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी बड़े बड़ों की टिकट कटने वाली है।

कश्यप ने कहा 

भूपेश बघेल अपना घर देखें कि चार साल में ही बुनियाद से लेकर कंगूरे तक जर्जर हो गए। वे भूपेश बघेल को हर वक्त भाजपा का डर सताता रहता है क्योंकि उन्हें पूर्वाभास हो गया है कि कांग्रेस की महाभारत का परिणाम अगले साल उनका राजपाट समेट देगा। कांग्रेस द्वारा ठगी गई छत्तीसगढ़ की जनता तो पहले ही कांग्रेस सरकार पलटने और बेइमानों का राज बदलने तैयार बैठी है और अगले जाड़े में कांग्रेस को सन्निपात की हालत में पहुंचाने अवसर का इंतजार कर रही है। 

केदार कश्यप ने कहा कि टीम भूपेश  की हकीकत उजागर करते हुए कांग्रेस प्रभारी पुनिया बताते हैं कि 40 विधायकों की परफॉर्मेंस खराब है। भूपेश के मंत्री जयसिंह अग्रवाल कांग्रेस प्रभारी की सर्वे रिपोर्ट को खारिज कर रहे हैं। तब भूपेश बघेल बतायें कि क्या कांग्रेस के सभी मौजूदा विधायकों और मंत्रियों को अगले चुनाव की टिकट दिलाएंगे? यदि हां है तो भाजपा की उन्हें खुली चुनौती है कि यह ऐलान करें कि कांग्रेस के सभी विधायकों को फिर से जनता की अदालत में पेश करेंगे।


अन्य पोस्ट