रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 नवंबर। रायगढ़ जिले में नर हाथी मौत में वन विभाग की टीम ने चार आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के द्वारा वन्यप्राणियों के शिकार के लिए करंट प्रवाहित तार बिछाया गया था, जिसकी चपेट में आने से नर हाथी की मौत हो गई थी। डॉग स्क्वायड की मदद से वन विभाग आरोपी तक पहुंचा है।
शुक्रवार को धरमजयगढ़ परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरतापाली कक्ष क्रमांक 437 में नर हाथी का शव मिला था। करंट की चपेट में आकर हाथी की मौत होने की आशंका को देखते हुए स्निफर डॉग (डॉग स्क्वाड) की मदद से सघन तलाशी और जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान डॉग स्क्वायड से मिले अहम सुरागों के आधार पर वन विभाग की टीम ने चार आरोपियों अजय भगत, जयानंद भगत, राम दयाल, भगवानो भगत सभी निवासी नयागांव रायगढ़ को पकड़ा है। आरोपियों के द्वारा वन्यप्राणियों के शिकार के लिये करंट प्रवाहित तार बिछाया गया था, जिसके चपेट में आने से नर हाथी की मौत हो गई थी।
इस मामले में धरमजयगढ़ वनमंडलाधिकारी सत्यदेव शर्मा ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।