रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 27 नवंबर। घरघोड़ा पुलिस ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पटवारी शिवानंद गिरी ने 24 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वे तहसीलदार घरघोड़ा के निर्देश पर ग्राम तिलाईपाली और रायकेरा क्षेत्र में ग्राम नयारामपुर स्थित एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने गए थे, जहां स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी मौजूद थे। जांच में पाया गया कि प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी (निवासी तिलाईपाली) द्वारा शासकीय भूमि पर शेड बनाया जा रहा है। जांच पूरी होने तक काम रोकने की समझाइश दी गई और तहसीलदार ने फोन पर भी बात की, लेकिन विवाद शुरू हो गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, पटवारी के जाने के दौरान प्यारीलाल गुप्ता ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की। इसी बीच उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी वहां पहुंचा और उसने भी मारपीट की। इस मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान 25 नवंबर को पुलिस ने विजय गुप्ता (पिता बैरागी गुप्ता, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम रायकेरा, सेंट्रल बैंक के पास, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
फरार आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की तलाश जारी है।