रायगढ़

मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन, चेन माउटेंड मशीन जब्त
18-Nov-2026 7:28 PM
 मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन, चेन माउटेंड मशीन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18 नवंबर। अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर विभागीय अमले ने ग्राम पुसलदा स्थित मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मौके से एक चेन माउटेंड मशीन जब्त कर सील कर दी।

जानकारी के अनुसार, मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने के बाद खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान नदी में रेत के अवैध उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही एक चेन माउटेंड मशीन मिली। विभागीय अमले ने तत्काल मशीन को जब्त कर सील करने की कार्रवाई की।

जांच के दौरान सामने आया कि खरसिया निवासी तरुण साहू द्वारा नदी में अवैध उत्खनन कराया जा रहा था। इसके बाद खनिज विभाग ने संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की प्रासंगिक धाराओं के तहत अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज किया है।

खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन की शिकायतों पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट