रायगढ़

झाड़-फूंक से शादी और बीमारी ठीक करने का झांसा, रेप
10-Nov-2026 6:30 PM
झाड़-फूंक से शादी और बीमारी ठीक करने का झांसा, रेप

मुख्य आरोपी व महिला सहयोगी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 10 नवंबर। घरघोड़ा पुलिस ने झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर शादी की बाधाएं दूर करने व बीमारी ठीक करने का झांसा देकर 40 वर्षीय अविवाहित महिला से रेप करने और करीब 6 लाख रुपये ठगने के मामले में मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी सहयोगी गायत्री मानिकपुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

5 नवंबर को 40 वर्षीय अविवाहित महिला निवासी लैलूंगा ने थाना कोतवाली रायगढ़ में आवेदन देकर अपने साथ हुए शारीरिक शोषण एवं आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना का मूल स्थान घरघोड़ा थाना क्षेत्र में होने से प्रकरण उसी दिन थाना घरघोड़ा स्थानांतरित कर असल अपराध कायम किया गया तथा पीडि़ता का विस्तृत कथन दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पीडि़ता ने बताया कि मार्च में उसकी एक परिचित महिला के माध्यम से उसे चंद्र कुमार जायसवाल के बारे में जानकारी मिली थी। बताया गया था कि आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताता है तथा झाड़-फूंक और दवा के माध्यम से विभिन्न बीमारियों का इलाज करता है। पीडि़ता ने आरोपी से मोबाइल पर संपर्क कर अपनी शारीरिक परेशानी, शरीर में दर्द रहने तथा विवाह नहीं हो पाने की समस्या बताई। इस पर आरोपी ने झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के माध्यम से उसकी बीमारी ठीक करने तथा विवाह में आ रही बाधाओं को दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार बातचीत होने लगी।

08 मार्च को आरोपी ने इलाज एवं पूजा-पाठ करने के बहाने पीडि़ता को रायगढ़ रोड घरघोड़ा स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। पीडि़ता अपने गांव से बस में बैठकर घरघोड़ा पहुंची, जहां आरोपी उसे बाइक से अपने किराये के मकान में ले गया। वहां पहले से एक महिला मौजूद थी, जिसे आरोपी ने गायत्री महंत बताते हुए पूजा-पाठ करने वाली महिला बताया। गायत्री ने पीडि़ता से उसकी समस्याओं के संबंध में पूछताछ की और पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी एवं लड्डू मंगवाने की बात कही। पीडि़ता द्वारा ये सामग्री उपलब्ध कराने पर गायत्री ने उसे नहाकर गीले वस्त्रों में पूजा स्थल पर आने को कहा। साथ ही यह भरोसा दिलाया कि वह स्वयं महिला है और पूजा के दौरान वहीं मौजूद रहेगी, इसलिए उसे संकोच करने की जरूरत नहीं है।

पीडि़ता के अनुसार, गायत्री के कहने पर वह नहाकर पूजा स्थल पर पहुंची। कुछ देर बाद आरोपी वहां आया और पूजा-पाठ एवं हवन करने लगा। इसी दौरान उसने अभिमंत्रित जल बताकर पीडि़ता को पीने के लिए पानी दिया। पानी पीने के कुछ देर बाद ही पीडि़ता को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। पीडि़ता का आरोप है कि इसी बेहोशी की हालत में आरोपी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। होश आने पर जब उसने आरोपी से इस कृत्य का विरोध किया तो आरोपी ने विवाह में आ रही बाधा दूर करने और शरीर की समस्या ठीक करने के नाम पर अपनी करतूत को उचित ठहराने का प्रयास किया।

पीडि़ता ने आगे बताया कि आरोपी और उसकी महिला सहयोगी द्वारा पूजा-पाठ एवं हवन के नाम पर उससे पहले 4 हजार रुपये और फिर 12 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद आरोपी ने उसे बिजनेस वेस्टिज कंपनी में काम करने का झांसा देकर और रुपये देने के लिए दबाव बनाया। इस तरह अलग-अलग बहानों से उससे करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए गए। जब पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया।

थाना घरघोड़ा में आरोपियों पर धारा 64, 61(2), 49, 123 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर घरघोड़ा पुलिस ने 08 नवंबर को आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल तथा उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट