रायगढ़

ठंड बढ़ते ही रिहायशी इलाकों में दिखने लगे अजगर
06-Nov-2026 7:01 PM
 ठंड बढ़ते ही रिहायशी इलाकों में दिखने लगे अजगर

सर्परक्षक समिति ने एक साथ 7 को जंगल में छोड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 6 नवंबर। ठंड की दस्तक के साथ ही अजगरों की रिहायशी इलाकों में आवाजाही बढ़ गई है। शहर के अलग-अलग स्थानों से सर्प रक्षक समिति ने सात अजगरों का बचाव कर उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। इनमें जिला जेल परिसर, कृषि विद्यालय रोड और ग्रीन सिटी कॉलोनी सहित कई इलाके शामिल हैं।

सर्प रक्षक समिति के अध्यक्ष विनीतेश तिवारी ने बताया कि ठंड के मौसम में अजगर, रसेल वाइपर और बैंडेड रेसर प्रजाति के सांपों की सक्रियता बढ़ जाती है। भोजन की तलाश में ये सांप अक्सर चूहों का पीछा करते हुए रिहायशी इलाकों और लोगों के घरों तक पहुंच जाते हैं। इन दिनों लगातार अजगरों के बचाव के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में शहर के कृष्ण कुंज भगवानपुर से एक, जिला जेल परिसर से एक, श्रीकुंज कृषि विद्यालय रोड से दो, ग्रीन सिटी कॉलोनी से एक, इंदिरा नगर स्थित केटीएम शोरूम के पास से एक तथा टीवी टावर रोड स्थित साईं मंगलम कॉलोनी से एक अजगर का बचाव किया गया। सभी 7 अजगरों को सुरक्षित तरीके से शहर से बाहर उनके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया है।

उन्होंने बताया कि सर्प रक्षक समिति के सक्रिय सदस्य सुमित बेहरा, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, विक्की चौहान, किशन धर्मा, रवि मिरी और जय नारायण खर्रा लगातार बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। टीम के सदस्य रोजाना शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से जहरीले और बिना जहर वाले सांपों का बचाव कर उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ रहे हैं, ताकि सांपों को नुकसान न पहुंचे और लोगों को भी किसी तरह का खतरा न हो। 


अन्य पोस्ट