रायगढ़

ननि की सामान्य सभा में 14 प्रस्तावों को मंजूरी
05-Nov-2026 9:03 PM
ननि की सामान्य सभा में 14 प्रस्तावों को मंजूरी

प्यासा मैदान का 4.92 करोड़ से होगा उन्नयन, राजमहल चौक से सर्किट हाउस चौक तक 6.41 करोड़ से बनेगी सडक़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 5 नवंबर। नगर निगम की सामान्य सभा बुधवार, 4 नवंबर 2026 को निगम सभाकक्ष में सभापति डिग्री लाल साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, सडक़ निर्माण, जलापूर्ति, चौक-चौराहों एवं उद्यानों के नामकरण सहित 14 एजेंडों पर चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत प्यासा मैदान के उन्नयन के लिए लगभग 4 करोड़ 92 लाख रुपये तथा राजमहल चौक से सर्किट हाउस चौक तक सडक़ उन्नयन के लिए लगभग 6 करोड़ 41 लाख रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

चौक-चौराहों और उद्यानों का होगा नामकरण

सभा में पुराने किसान राइस मिल क्षेत्र में विकसित हो रहे ऑक्सीजन उद्यान का नाम विकसित भारत संकल्प उद्यान तथा उर्दना सीएमओ तिराहा का नाम विकसित भारत संकल्प सेवा चौक रखने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 22 एवं 23 की पक्की खोली का नाम श्री झूलेलाल कॉलोनी और कच्ची खोली का नाम संत कंवर राम कॉलोनी रखने की मंजूरी दी गई।

अंतरराज्यीय बस स्टैंड का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दूध डेयरी चौक ऑक्सीजोन का नाम केशव कुंज तथा पंचतत्व गार्डन का नाम वेदमणि सिंह ठाकुर उद्यान रखने के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए।

जलापूर्ति और व्यापारिक

स्थलों पर चर्चा

बैठक में निगम क्षेत्र के 17 एमएलडी एवं 32 एमएलडी जल प्रदाय संयंत्रों के संचालन और संधारण पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिया गया। इसके अलावा परिवहन नगर की दुकानों, पुराने जर्जर दुकानों के पुनर्विकास, मुर्गी-मटन बाजार के व्यवस्थित संचालन सहित अन्य विषयों पर भी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। एजेंडा से संबंधित सवालों के जवाब निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय और कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया ने दिए।

महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर का विकास और नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वहीं सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि सामान्य सभा में जनहित और शहर के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। बैठक में पार्षद, एल्डरमैन, जनप्रतिनिधि तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट