रायगढ़

शेयर ट्रेडिंग, डॉक्टर से 34.17 लाख की ठगी, एक और आरोपी इंदौर से बंदी
04-Nov-2026 6:26 PM
 शेयर ट्रेडिंग, डॉक्टर से 34.17 लाख की ठगी, एक और आरोपी इंदौर से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 4 नवंबर। शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर डॉक्टर से 34 लाख 17 हजार 531 रुपए की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी रईस खान को रायगढ़ पुलिस ने इंदौर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना की टीम ने आरोपी को पकडक़र ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाया। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई टाटा नेक्सॉन कार, लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और 1 लाख 39 हजार 500 रुपए नकद सहित अन्य सामग्री जब्त की है। इस मामले में गिरोह के तीन सदस्य तरुण नागर, तनीषा पाटिल और ज्योति मालवीय पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, सोनकरपारा जूटमिल निवासी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने 27 मई को साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में सुनील नामक व्यक्ति ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर उन्हें स्पार्टन ट्रेड कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। व्हाट्सऐप पर कंपनी का पोर्टफोलियो भेजकर भरोसा दिलाया गया कि निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलेगा। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर उनसे 34,17,531 रुपए विभिन्न बैंक खातों में जमा कराए गए। शुरुआत में पोर्टफोलियो में मुनाफा दिखाया गया, लेकिन रकम निकालने की कोशिश करने पर पैसे वापस नहीं मिले और अधिक निवेश का दबाव बनाया जाने लगा।

शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन की जांच शुरू की। जांच में ज्योति मालवीय के नाम पर जारी सिम कार्ड के जरिए ठगी की कडिय़ां सामने आईं।  पूछताछ में सिम कार्ड उपलब्ध कराने और गिरोह को करीब 100 से 150 सिम देने की जानकारी मिली।

इसी आधार पर पुलिस ने इंदौर के कावेरी परिसर से रईस खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शेयर मार्केट में एडवाइजरी का काम करता था और लोगों को डीमैट अकाउंट खुलवाकर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देता था। उसने तरुण नागर से 100 से 150 सिम कार्ड लेकर निवेश के लिए लोगों से संपर्क किया था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 24 जून 2025 को डॉक्टर को चार बार फोन कर डीमैट अकाउंट खुलवाने और शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ दिलाने का झांसा दिया था। आरोपी ने ठगी की रकम से नवंबर 2025 में टाटा नेक्सॉन कार सहित लैपटॉप और मोबाइल खरीदे थे। पुलिस ने कार, लैपटॉप, वनप्लस और रियलमी सहित तीन मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड और 1,39,500 रुपए नकद जब्त किए हैं। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट