रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 3 नवंबर। दीपावली त्यौहार से पहले खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने होटलों में जांच शुरू कर दी है। शहर के अलंकार होटल के कारखाने का निरीक्षण किया गया, जिसमें साफ-सफाई व सुधार को लेकर निर्देश दिए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को अलंकार होटल के कारखाने में फूड एंड सेफ्टी की टीम पहुंची। जहां उन्हें कई तरह की खामियां मिली। इसके अलावा मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों का भी निरीक्षण किया गया। वहीं बेहतर ढंग से साफ-सफाई का अभाव पाया गया। जिससे उन्हें सुधार करने के लिए निर्देशित किया और वहां से सेव, कुंदा व चमचम के सैंपल लिए गए। जिसे लैब भेजा जा रहा है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
इससे पहले अगस्त माह में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने बने खाबो-बने रहिबो 2.0 अभियान चलाया था। जिसमें कलकत्ता स्वीट्स, आशीर्वाद ट्रेडर्स, कातोरे रस्टोरेंट, होटल, ढाबा, मिठाई दुकान, डेयरी समेत अन्य दुकानों में जांच की गई थी। जहां से कई खाद्य समाग्रियों का सैंपल लिया गया था। सप्ताह भर के अभियान में तकरीबन 20 से अधिक प्रतिष्ठानों में जांच की गई थी और शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों में भी टीम पहुंची थी।