रायगढ़

कोयले की हेराफेरी, आरोपी बिहार से बंदी, ट्रक जब्त
01-Nov-2026 8:20 PM
कोयले की हेराफेरी, आरोपी बिहार से बंदी, ट्रक जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 1 नवंबर। कोयला परिवहन की आड़ में 24.620 मीट्रिक टन कोयले की हेराफेरी कर उसे बेचने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, 8 मई को रायगढ़ निवासी विवेक पाण्डेय ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राज ट्रांसपोर्ट के माध्यम से जनवरी में जामपाली कोयला खदान से आरसमेटा प्लांट, अकलतरा के लिए 24.620 मीट्रिक टन जी-10 ग्रेड कोयले का परिवहन तय किया गया था। इसके लिए चालक लल्लन प्रसाद को 700 रुपये प्रति टन की दर से जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, कोयला लोड कर रवाना हुआ ट्रक निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा। करीब दस दिन बाद चालक ने फोन पर कोयला अन्यत्र बेचने की बात स्वीकार करते हुए शिकायतकर्ता को धमकी भी दी। कोयले की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मोबाइल नंबर के आधार पर पतासाजी करते हुए पुलिस को आरोपी के बिहार के रोहतास जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद एएसआई खेमराज पटेल के नेतृत्व में टीम बिहार रवाना हुई और घेराबंदी कर ललन कुमार पासवान (57), निवासी अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने हड़पे गए कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट भ_ा संचालकों को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त कर लिया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।


अन्य पोस्ट