रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 31 अक्टूबर। विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) रायगढ़ अश्वनी कुमार चतुर्वेदी की अदालत ने गांजा तस्करी के आरोपी वरुण सिंह, निवासी बैकुंठपुर, जिला कोरिया को दोषी ठहराते हुए 15 वर्ष के कठोर कारावास एवं 1.50 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
प्रकरण के अनुसार, 10 सितंबर 2023 को थाना चक्रधरनगर पुलिस ने रायगढ़ के ग्राम नवापाली मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए आरोपी वरुण सिंह पिता राणा प्रताप सिंह, (32), निवासी सीसीएल कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 12, बैकुंठपुर, जिला कोरिया को पकड़ा था। आरोपी के कब्जे से 20 पैकेट में रखा कुल 103.150 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया था। आरोपी बिना किसी वैध अनुज्ञप्ति अथवा प्राधिकार पत्र के गांजे का अवैध परिवहन कर रहा था। इस पर थाना चक्रधरनगर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान एकत्रित महत्वपूर्ण साक्ष्यों को अभियोजन पक्ष ने न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विशेष लोक अभियोजक वेद प्रकाश पटेल ने अभियोजन की ओर से प्रभावी पैरवी करते हुए 14 गवाहों के बयान तथा 65 महत्वपूर्ण दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत किए। प्रस्तुत साक्ष्यों एवं दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने आरोपी को धारा 20(बी)(पप)(ब्) एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषी ठहराते हुए 15 वर्ष के कठोर कारावास एवं 1.50 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।